Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने दावा किया है कि नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम के लिए कांग्रेस का विजन डॉक्यूमेंट लोगों की मांगों, उनके सुझावों और उनकी उम्मीदों के अनुरूप बनाया जाए और इसके लिए लोगों से सुझाव भी मांगे जाएं। वे शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में नगर निगम चुनावों के लिए बनाई गई मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

 बैठक में राठौर ने कहा कि पार्टी का मेनिफेस्टो लोगों को राहत के साथ-साथ उनकी समस्याओं को दूर करने पर पूरी तरह केंद्रित होना चाहिए। इसमें शहर और नए शामिल किए गए क्षेत्रों के विकास का मसौदा भी रखा जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि पार्टी के मेनिफेस्टो को पार्टी के विजन डॉक्यूमेंट के रूप में देखा जाना चाहिए। इसलिए यह पूरी तरह शिमला शहर के विकास के प्रति समर्पित होना चाहिए।कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही विकास की राजनीति की है। शिमला शहर का सम्पूर्ण विकास कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की ही देन रहा है। उन्होंने कहा कि आज शिमला शहर अनेक समस्याओं से गुजर रहा है। भाजपा शासित नगर निगम लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है।बैठक में शिमला जिला कांग्रेस शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश कांग्रेस के सचिव आनंद कौशल, सुशांत कपरेट व यशपाल तनाईक ने भाग लिया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *