शिमला। केंद्र की मोदी सरकार के 30 मई को केन्द्र सरकार के 7 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर इस ऐतिहासिक दिन को भारतीय जनता पार्टी सेवा ही संगठन भाग-2 के तहत हो रहे सेवा कार्य को जनता के बीच ले जाकर मनाने जा रही है।
भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर सदर में बूथ त्रिदेवों के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप नाहन मेडिकल कॉलेज में उपकरणों, सराहां अस्पताल में आइसोलेशन किट और पच्छाद में मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण करेंगे। केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर बूथ नं. 91 दयाल देहरा विधानसभा और बूथ नं. 7 समीरपुर व भोरंज विधानसभा में वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुरहाग, सिराज और डलहौज़ी के बूथ नं. 42 सालमा में वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। वहीं, भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर पालमपुर में राकेश जम्वाल सुंदरनगर में, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा धर्मशाला में और त्रिलोक जम्वाल चक्कर में उपस्थित रहेंगे। रविवार को भारतीय जनता पार्टी 7792 बूथों पर पहले प्रातः 11 बजे मन की बात कार्यक्रम सुनेगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, देश को संबोधित करेंगे। उसके उपरांत भाजपा कार्यकर्ता अनेकों सेवा कार्य के माध्यम से इस दिन को बूथ स्तर मनाएंगे।
जम्वाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में जहां भाजपा के सातों मोर्चे रक्तदान शिविर का आयोजन करेंगे। इसमें सभी मोर्चे मिलकर एक हजार यूनिट रक्त एकत्र करेंगे, वहीं महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश में 6 लाख 50 हज़ार फेस कवर का वितरण भी किया जाएगा।भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि सभी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी एवं नेतागण अपने पालकीय बूथों के साथ-साथ एक अतिरिक्त बूथ पर जाकर भी इस कार्यक्रम को करेंगे।
त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने देशभर में स्वास्थ्य सुविधाओं का यथा दवा उत्पादन, आक्सीजन की उपलब्धता एवं उत्पादन, चिकित्सालयों का सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार जिस बड़े पैमाने पर हुआ है, वह उल्लेखनीय है और भविष्य में इस महामारी की अन्य संभावित लहर को नियंत्रित करने में सक्षम होगा। संपूर्ण देश में टीकाकरण का अभियान चल रहा है जो आगामी दिनों में और तेजी पकड़ेगा।
