शिमला। प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के काजा में बने आइस हाॅकी रिंक में प्रशिक्षित हो रहे आईस हाॅकी प्रतिभागियों में से 15 प्रतिभागी गुलमर्ग में आयोजित होने एंडवास आइस हाॅकी कैंप के लिए मंगलवार को रवाना हो गए। एडीएम ज्ञान सागर नेगी ने 15 सदस्यीय प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि लाहौल-स्पीति के लिए ऐतिहासिक दिन है कि आठ लड़कियां और सात लड़के राष्ट्रीय आईस हाॅकी कैंप, जोकि गुलमर्ग में होने जा रहा है, उसमें हिस्सा लेने जा रहे हैं। यह यहां के बच्चों, आर्थिकी, टूरिज्म के लिए काफी अच्छा है। इससे बच्चों में आइस हाॅकी के प्रति उत्साह बढ़ेगा। हमें उम्मीद है कि कुछ हमारे बच्चे राष्ट्रीय टीम के लिए भी चयनित हो।
इस मौके पर कैंप नेशनल कोच अमित बेरवाल ने कहा कि काजा में शुरू हुए कैंप में 30 बच्चों को हमने बेसिक आईस हाॅकी के लिए चयन किया था। इनमें से 15 बच्चों को गुलमर्ग में होने के वाले राष्ट्रीय आइस हाॅकी कैंप में ले जाया जा रहा है। उनका कहना था कि गुलमर्ग में एक जनवरी से 14 जनवरी तक एंडवास बेसिक कैंप होगा। उनका कहना था कि स्पीति का वातावरण विंटर स्पोर्ट्स के लिए काफी अनुकूल है। वे चाहते हैं कि यहां से बच्चे तैयार होकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लें। वे काजा प्रशासन के काफी आभारी हैं, जिन्होंने बच्चों को बेसिक सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि 15 प्रतिभागियों के साथ तीन शिक्षक सोनम छोडन, लोबजंग छोजंम और छविंग दोरजे भी जा रहे हैं।
ये है 15 सदस्यीय प्रतिभागियों का दल
15 सदस्यीय प्रतिभागियों के दल में आठ लड़कियां और सात लड़के शामिल हैं। इसमें कर्मा येषी खांडो उम्र 12 वर्ष, छेरिंग डोलमा 13 वर्ष, नवांग लामो 15 वर्ष, सोनम आंगमो 12 वर्ष, रिगजिन डोलमा उम्र 13, तेजिंन डोलमा,नवांग छुटिक और सोनम देचेन गर्ल श्रेणी में है, जबकि सोन बांगचुक 12 वर्ष, कुंगा बांग्पो 12 वर्ष, तेजिंन योतेन , टाकपा यशे 15 वर्ष, तेजिंन जांग्वो 12 वर्ष,धोडुप ज्ञालसन 13 वर्ष, और सोनम दोरजे 12 वर्ष ब्याॅज श्रेणी वर्ग में हैं।
