72 वर्ष की उम्र में शिमला के चमियाना अस्पताल में ली अंतिम सांस
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया। शिमला जिले के रामपुर बुशहर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे कांग्रेस नेता एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल का मंगलवार सुबह पांच बजे शिमला के चमियाना अस्पताल में निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को ही अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना था। उनके निधन से कांग्रेस सहित प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
नंद लाल का राजनीतिक सफर वर्ष 2007 में शुरू हुआ था। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर रामपुर बुशहर से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद 2012, 2017 और 2022 में लगातार जीत हासिल कर वह चार बार विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2022 के चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी कौल सिंह नेगी को पराजित किया था। वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी नेताओं में शामिल थे।
राजनीति में आने से पहले नंद लाल ने देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में सेवाएं देने के बाद वर्ष 1985 में विशेष सुरक्षा समूह, एसपीजी में शामिल हुए। वर्ष 1997 तक एसपीजी में रहते हुए उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सुरक्षा में कमांडो के रूप में सेवाएं दीं।
वर्ष 1982 के एशियाई खेलों और 1983 की गुटनिरपेक्ष देशों की बैठक के दौरान भी उन्होंने सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2001 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। उन्होंने वर्ष 2007 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
विधायक के रूप में नंद लाल वर्ष 2013 से 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव रहे। इसके अलावा विधानसभा की कल्याण, ग्रामीण नियोजन और विशेषाधिकार सहित विभिन्न समितियों में भी उन्होंने जिम्मेदारियां निभाईं। मार्च 2024 में उन्हें हिमाचल प्रदेश के सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
16 अप्रैल 1954 को रामपुर बुशहर के देवठी गांव में जन्मे नंद लाल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी। उनके निधन को रामपुर क्षेत्र के लिए बड़ी राजनीतिक और सामाजिक क्षति माना जा रहा है।
