चुवाड़ी-चम्बा सुरंग और द्रमण-पांगी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की मांग
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की तथा उनके समक्ष एक लिखित पत्र के माध्यम से जिला चम्बा में चुवाड़ी से चम्बा सुरंग निर्माण सहित शाहपुर, द्रमण-चुवाड़ी -चम्बा वाया जोत तीसा-साच-पांगी रणनीतिक सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के रूप में बनाने की लम्बित स्वीकृती प्रदान करने की गुहार लगाई।

पठानिया ने अपने पत्र के माध्यम से नितिन गडकरी को अवगत करवाते हुए कहा कि शाहपुर/द्रमण-सिंहुता-चुवाड़ी वाया जोत-तीसा-साच पांगी सड़क भारतीय सेना के डिविजनल मुख्यालय योल कैंट धर्मशाला के लिए एक बहुत ही संवदेनशील तथा रणनीतिक सड़क है जोकि पाकिस्तान या चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र में किसी भी आक्रमण के समय भारतीय सेना को अपने सैनिकों तथा युद्व सामग्री को सीमावर्ती इलाकों तक पहुँचाने के लिए बहुत कारगर साबित को सकती है तथा यह देश की रक्षा से जुडा एक अत्यन्त महम्वपूर्ण विषय भी है।
नितिन गडकरी को अवगत करवाते हुए पठानिया ने कहा कि हालांकि उक्त सड़क का एक हिस्सा अर्थात चम्बा जिले का चम्बा-तीस बैरागढ़-साच भारत सरकार द्वारा जीआरएफ के तहत बनाए जाने के लिए सक्रिय रूप से विचाराधीन है जिससे उदेश्य की पूर्ति नहीं होगी। ऐसे में उनका आग्रह है कि इसमें संशोधन किया जाए तथा उदेश्य प्राप्ति हेतु सामरिक तथा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस सड़क में द्रमण-सिंहुता-चुवाड़ी-चम्बा वाया जोत सड़क को शामिल कर इसे शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की कृपा करें।
बैठक के दौरान पठानिया ने नितिन गडकरी को अवगत करवाते हुए कहा कि उक्त सड़क का एक हिस्सा शाहपुर/द्रमण-सिंहुता-चुवाड़ी-चम्बा वाया जोत पहले ही विश्व बैक और सीआईएफ के तहत चौड़ा किया जा चुका है। अब यह लगभग डबल लेन सड़क है।
संवाद के दौरान पठानिया ने गडकरी को स्मरण करवाते हुए कहा कि वह उनके साथ उक्त सड़क पर कई बार पत्राचार कर चुके हैं तथा उन्हें आश्वस्त किया गया था कि जनहित में वह इस उक्त सड़क के उपरोक्त हिस्से को शीघ्र ही स्वीकृति प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर गडकरी ने पठानिया को आश्वस्त किया कि नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा के लिए भारत सरकार के पास एक नीति अब अंतिम रूप से विचार विमर्श की प्रक्रिया में है तथा नई गाइड लाईन मापदण्ड अंतिम होने के बाद इस सड़क के इस हिस्से को जनहित में स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
गडकरी ने कहा कि वह स्वयं जानते हैं कि जिला चम्बा तथा देश के लिए यह सड़क कितनी रणनीतिक तथा संवेदनशील है जहाँ इसे स्वीकृति मिलने के बाद अकांक्षी जिला चम्बा को बड़ी राहत पहुँचेगी, वहीं देश की सुरक्षा तथा पर्यटकों के लिए भी यह सड़क हितकारी होगी।
पठानियां ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से गगल एयरपोर्ट से सैनिक, पर्यटक तथा स्थानीय लोग राष्ट्रीय राजमार्ग का फायदा उठाकर बहुत ही कम समय में शाहपुर से पांगी तक सफर आसानी से कर सकेंगे।
