Spread the love

सोलन। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए ली जा रही शपथ को हम सभी को संकल्प मानना होगा। यह प्रयास करना होगा कि हम अपने परिवेश में अन्य को भी कोविड-19 से बचाव की दिशा में जागरूक बनाएं। डॉ. सैजल बुधवार को यहां कोविड-19 महामारी के संबंध में सोलन जिला की स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने कहा कि हम सभी को इस शपथ को मात्र औपचारिकता नहीं समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह शपथ एक ऐसा संकल्प है जो हमें और हमारे परिजनों के साथ-साथ पूरे समाज को कोविड-19 महामारी के प्रकोप से बचा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की दवा न मिलने तक हमें जागरूक रहकर इस बीमारी से बचना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि कोविड-19 के सम्बन्ध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और स्वस्थ रहकर सकारात्मक कार्यों में प्रवृत रहें।
स्वास्थ्य मंत्री ने सभी से आग्रह किया कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों पर उचित प्रकार से मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग बनाकर रखें और नियमित रूप से अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से धोते रहें। डॉ. सैजल ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि जिला में प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार दैनिक आधार पर परीक्षण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान में त्यौहार तथा विवाह इत्यादि आयोजनों के दृष्टिगत कार्य योजना बनाकर बचाव किया जाए और लोगों को इस सम्बन्ध में जागरूक बनाया जाए।
बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन जिला में अभी तक कोविड-19 संक्रमण के लिए 44,560 परीक्षण किए गए हैं। इनमें से 3847 व्यक्ति कोरोना वायरस से सक्रंमित पाए गए हैं। जिला में वर्तमान में कोविड-19 के 405 सक्रिय मामले हैं। 3400 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। 41 व्यक्तियों की कोविड-19 के कारण मृत्यु हुई है। जिला में परीक्षण के उपरांत पॉजिटिव मामलों की दर 8.6 प्रतिशत, ठीक होने की दर 91 प्रतिशत तथा मृत्यु दर एक प्रतिशत है। बैठक में जानकारी दी गई कि कोविड-19 सम्बन्धी जानकारी एवं सहायता के लिए देशभर में 104 नम्बर को आधिकारिक हेल्पलाइन सेवा घोषित किया गया है।सोलन जिला में 8 संस्थानों को समर्पित कोविड केयर सेंटर, ईएसआई काठा को समर्पित कोविड स्वास्थ्य केन्द्र तथा एमएमयू कुमारहट्टी सोलन को समर्पित कोविड अस्पताल घोषित किया गया है। जिला में कोविड-19 नियमों की अवहेलना पर 2730 व्यक्तियों का चालान किया गया है। इनमें जिला पुलिस सोलन द्वारा 1584 व्यक्तियों से जुर्माने के रूप में 8 लाख 4 हजार 500 रुपए तथा जिला पुलिस बद्दी द्वारा 1146 व्यक्तियों से जुर्माने के रूप में 3 लाख 88 हजार रुपए वसूले गए हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *