कोटखाई और पांवटा साहिब में नए केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति पर जताया आभार
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लिए शिक्षा के क्षेत्र में अक्तूबर माह के पहले सप्ताह में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। शिमला जिले के कोटखाई और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में दो नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंजूरी प्रदान की है। इन दो नए विद्यालयों के जुड़ने से प्रदेश में केंद्रीय विद्यालयों की कुल संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी, जिससे हजारों विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध होगी।
नई दिल्ली संसद भवन में मंगलवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप और जुब्बल-कोटखाई के भाजपा नेता चेतन बरागटा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
भाजपा नेता चेतन बरागटा ने कहा कि नए केंद्रीय विद्यालयों के खुलने से पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा की पहुंच और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे स्थानीय बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उनके ही क्षेत्र में मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का दूरदर्शी नेतृत्व और देश के हर कोने में शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध करवाने की उनकी प्रतिबद्धता अहम भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का ही परिणाम है कि आज कोटखाई और पांवटा साहिब जैसे पहाड़ी क्षेत्रों को यह बड़ी सौगात मिली है।
बरागटा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आश्वासन दिया कि विद्यालयों की स्थापना, ढांचा निर्माण और संचालन से जुड़े सभी कार्यों को शीघ्रता से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र से ही विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
