Spread the love

बेसहारा बच्चों को दिया चिल्ड्रन आफ स्टेट का दर्जा, उनका सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया 

सामान्य परिवारों के बच्चों को मात्र एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपए तक का शिक्षा ऋण

हमीरपुर। ब्लू स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल ककरू, हमीरपुर का वार्षिक उत्सव रविवार को मनाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस संस्थान ने शिक्षा के क्षेत्र में बहुत ही सराहनीय योगदान दिया है और यह अपनी स्थापना के पचासवें वर्ष की ओर अग्रसर हो रहा है।

सुनील शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण सहित सभी क्षेत्रों में कई ऐसी योजनाएं आरंभ की हैं जो कि आज तक किसी भी राज्य की सरकारों ने नहीं बनाई थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बेसहारा बच्चों को चिल्ड्रन आफ स्टेट का दर्जा देकर इनके लिए सम्मानजनक एवं खुशियों भरे जीवन की व्यवस्था की है। इनके पालन-पोषण, शिक्षा, विवाह और मकान निर्माण से लेकर त्योहारों की खुशियों तक का प्रबंध मुख्यमंत्री ने किया है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा आम आदमी को केंद्र में रखकर ही कल्याणकारी योजनाएं तैयार करते हैं। उन्होंने आम एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए डॉ वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना के तहत केवल एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपए तक के ऋण का प्रावधान किया है, ताकि ये बच्चे उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के सपनों को साकार कर सकें। मुख्यमंत्री हमीरपुर के मेडिकल कॉलेज को एक बड़े चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित कर रहे हैं। इसमें कैंसर केयर संस्थान, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज और मातृ एवं शिशुओं के लिए एक अलग अस्पताल भी बनाया जाएगा। यहां पैट स्कैन, रोबोटिक सर्जरी और अत्याधुनिक सुविधाओं का प्रावधान भी किया जाएगा।

सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से उगाई गई मक्की, गेहूं और हल्दी के लिए अलग से उच्च खरीद मूल्य निर्धारित किए हैं। किसानों को इसका सीधा लाभ होगा।

नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इसके खिलाफ एक बड़ी जंग का ऐलान किया है। इसमें सफलता हासिल करने के लिए आम लोगों का सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को इसके प्रति सावधान की अपील की।

सुनील शर्मा बिट्टू ने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य विकास कुमार ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा विद्यार्थियों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके खूब तालियां बटोरीं।

 समारोह में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, एचपीएमसी के बीओडी मैंबर राजेश ठाकुर, पूर्व पार्षद राकेश वर्मा, स्कूल के एमडी तारा चंद, प्रधानाचार्य डॉ सुमन लता, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed