Spread the love

भाजपा का नया प्रदेश कार्यालय पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति का बनेगा प्रतीक – बलबीर वर्मा 

शिमला। धनतेरस के शुभ अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के संगठनात्मक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। शिमला के टुटू के पास एयरपोर्ट रोड़ पर भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय भवन का शिलान्यास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के कर कमलों से किया जाएगा। यह भवन संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा और आने वाले वर्षों में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।

इस आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय शिमला में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह भवन संगठन की एकता, सेवा और समर्पण की भावना का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि शिलान्यास समारोह को सफल और भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियाँ गठित की गई हैं, जो स्वागत, यातायात, आवास और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि यह दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने बताया कि शिमला के टुटू के पास एयरपोर्ट रोड पर बनने वाले भाजपा प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास 18 अक्टूबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा किया जाएगा। वर्मा ने कहा कि नया कार्यालय भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों को सशक्त दिशा देगा। भवन का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा है ताकि यह कार्यकर्ताओं के लिए आधुनिक, सुविधाजनक और प्रेरणादायक केंद्र बने। उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य बनाने के लिए प्रदेशभर के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। 

बलबीर वर्मा ने कहा कि भाजपा का यह नया प्रदेश कार्यालय पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति का प्रतीक बनेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed