नाहन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक पूरे देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश में भी व्यापक स्तर पर सेवा कार्यों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में 17 स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 17 से 25 सितंबर तक विभिन्न स्थानों पर ब्लड डोनेशन कैंप, स्वच्छता अभियान और चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और आमजन सेवा कार्यों को मिलकर अंजाम देंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 25 सितंबर को जनसंघ के संस्थापक और अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर के 8,000 पोलिंग बूथों पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। साथ ही पौधारोपण, स्वच्छता और सेवा कार्यों का आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने गरीब कल्याण को भगवान की सेवा माना और भाजपा को उसी मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि 25 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर “स्वदेशी अभियान” चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत स्थानीय उत्पादों, बुनकरों, कुम्हारों और छोटे कारीगरों द्वारा बनाए गए सामान को बढ़ावा देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “वोकल फॉर लोकल” मंत्र आमजन को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक है और भाजपा इस दिशा में ठोस प्रयास करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा जयंती भी है। इस अवसर से लेकर 2 अक्टूबर तक भाजपा रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पेड़ लगाने, गरीब कल्याण और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने जैसे विविध सेवा कार्यों का आयोजन पूरे प्रदेश में करेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा पखवाड़ा न केवल प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का एक सामूहिक प्रयास होगा।
