538 लाख का भुंतर डबल लेन पुल जनता को समर्पित, कहा – भुंतर में बनेगा बड़ा ट्रांसपोर्ट नगर
कुल्लू। कुल्लू के विधायक एवं अध्यक्ष लाडा सुंदर सिंह ठाकुर ने रविवार को व्यास नदी पर 538 लाख रुपये से निर्मित भुंतर पुल डबल लेन का लोकार्पण कर लोगों को समर्पित किया। भुंतर में जनसभा को संबोधित करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार लोगों की सुविधा के लिए रिकॉर्ड समय में 40.50 मीटर लंबे डबल लेन पुल के निर्माण किया गया है।
सुंदर ठाकुर ने कहा कि पुल के निर्माण से लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पुल ने मनीकरन एवं गड़सा घाटी के लाखों लोगों के साथ भुंतर सब्जी मंडी में आने वाले किसानों तथा बागवानों को लाभ होगा।
एसएसबी से हवाई अड्डे भुंतर तक ब्यास नदी का होगा तटीकरण
विधायक ने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र का सम्पूर्ण एवं समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और उन्होंने हलके के निरंतर विकास का प्रण लिया है। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में भुंतर प्रमुख स्थान है और आने वाले एक वर्ष में इस क्षेत्र का नजारा बदेलगा। उन्होंने कहा कि भुंतर पार्वती और ब्यास नदी संगम स्थली होने के चलते इसका एतिहासिक और धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि एसएसबी से हवाई अड्डे भुंतर तक ब्यास नदी का तटीकरण करने के लिए प्रथम चरण में 15 करोड़ रुपये जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भुंतर को बहुत बड़ा ट्रांसपोर्ट नगर के रूप स्थापित किया जायेगा और यहाँ ट्रक, जीप, ऑटो यूनियन को स्थान भी उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ब्यास नदी में रामशिल्ला से बंजार के इलाके तक ब्यास नदी की ट्रेसिंग का कार्य किया जायेगा। जिसमें बड़े-बड़े पथरों साइड कर मलबे को निकालकर नदी को गहरा किया जायेगा ताकि बाढ़ का खतरा खत्म हो।
बिजली महादेव रोपवे निर्माण पर विपक्ष कर रहा राजनीति
सुंदर ठाकुर ने बिजली महादेव रोपवे निर्माण कार्य पर विपक्ष के नेताओं को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि देव आस्था के नाम पर हारे और नकारे लोग कुल्लू के विकास का विरोध कर रहे हैं और जिला के भोले-भाले लोगों और महिलाओं को बरगलाने का प्रयास कर बिजली महादेव रोपवे का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आशीर्वाद से केंद्र सरकार ने 300 करोड़ का प्रोजेक्ट स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि वे भी देवी-देवताओं और देवआस्था को मानने और उस पर विश्वास रखने वाले हैं। उन्होंने कहा कि रोपवे के लिए 100 करोड़ की मशीनरी का आर्डर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला कुल्लू में पर्यटन कि अपार सम्भावनाएं हैं और जिला के लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय ऐसे और भी स्थानों की पहचान की जा रही है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि विकास के मामले पर वे किसी भी खुले मंच पर बहस को तैयार है।
उन्होंने कहा कि लोगों कि मांग पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक पुल स्वीकृत किया है जो पीरडी से टलोगी को जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि भूतनाथ पुल ने रिपेयर कार्य के लिये भी अतिरिक्त राशी जारी कि गई है और इसमें छोटे वाहनों कि आवजाही आरम्भ कि गई है।
इससे पहले, मिल्क फैड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा और एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में मिल्क फेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष राम सिंह मियां, ज़िला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, नगर परिषद भुंतर की अध्यक्ष रविंद्रा डोगरा एवं पार्षद, इंदिरा ठाकुर, करतार सिंह गुलेरिया, ज़िला परीक्षा सदस्य आशा ठाकुर, शेष राम आज़ाद, शेष राम चौधरी, अनिल सूद, राम शरण दास सहित लोक निर्माण एवं अन्य विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
