Spread the love

घुमारवीं। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मंगलवार को अचानक भराड़ी सिविल अस्पताल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान न सिर्फ मरीजों से बातचीत की, बल्कि अस्पताल की व्यवस्था और सफाई का खुद जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में  प्रतिबद्ध हैं और सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाइयां, जांचें तथा जरूरी टैस्ट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में जो भी दवाइयां उपलब्ध हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हर जरूरतमंद मरीज तक पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए और कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल अस्पताल की छवि को संवारता है, बल्कि मरीजों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालता है। 

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, जल आपूर्ति और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा चिकित्सकों और स्टाफ को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए। धर्माणी ने बरसात के मौसम में जलजनित रोगों के खतरे को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि सभी मरीजों को पीने के लिए केवल उबला हुआ पानी ही उपलब्ध करवाया जाए ताकि डायरिया, हैजा जैसी बीमारियों से बचाव हो सके। 

स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि अस्पताल को मरीजों के अनुकूल बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है और यदि किसी मरीज को दवा या उपचार संबंधी कोई कठिनाई आती है, तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए ताकि उस पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई हो सके। 

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने जनता से अपील की कि वे वर्षा ऋतु के दौरान स्वच्छ पानी का ही सेवन करें, खुले या संदिग्ध खाद्य पदार्थों से परहेज करें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और आगामी समय में आमजन को और भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *