Spread the love

हिमाचल में वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ा‌ जाएगा डॉ. बिंदल की अध्यक्षता में 

भाजपा में लोकतांत्रिक ढंग से होता है अध्यक्ष और अन्य संगठनात्मक ढांचे का चयन – डॉ. जितेंद्र सिंह 

शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा की डॉ. राजीव बिंदल ने तीसरी बार प्रदेश भाजपा की कमान संभाल ली है। डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को शिमला में पार्टी कार्यालय दीप कमल में हुए एक समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उसके बाद शिमला के पीटरहॉफ में एक सार्वजनिक समारोह में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री व हिमाचल भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रमाण पत्र और पार्टी का झंडा देकर डॉ. बिंदल को विधिवत रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कमान सौंपी। 

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक ही नामांकन आया था। ऐसे में आज ही अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया और डॉ. बिंदल को विधिवत पार्टी अध्यक्ष चुन लिया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. बिंदल इस पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार थे और उनका चयन आम राय से हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर ने डॉ. बिंदल के नाम का अध्यक्ष पद के लिए प्रस्ताव किया, जिसे अन्य लोगों ने समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि इस मौके पर पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी चयन हुआ। इनमें गोविंद ठाकुर, बिहार लाल शर्मा, पवन काजल, त्रिलोक जम्वाल, पायल वैद्य, रश्मिधर सूद, राजीव सैजल और संजीव कटवाल शामिल हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश से सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसद राष्ट्रीय परिषद में पदेन सदस्य चुने गए हैं।

 जितेंद्र सिंह ने बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक ढंग से अध्यक्ष और अन्य संगठनात्मक ढांचे का चयन होता है। इसमें पार्टी के कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के शीर्ष पर बैठे पदाधिकारी तक की सहभागिता सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। इसके मुकाबले कांग्रेस में केवल किचन में अथवा डाइनिंग टेबल पर बैठकर ही अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में मां एवं बेटे का ही फैसला मान्यता प्राप्त करता है। कांग्रेस में हर व्यक्ति अपनेआप को अध्यक्ष समझता है, पर अगर इतिहास को देखें तो दादा, बेटा, पोता, नहीं तो पोती को अध्यक्ष बना दिया जाता है। भाजपा में अंत तक नहीं पता लगता है कि अध्यक्ष कौन होगा और कोई भी आम कार्यकर्ता अध्यक्ष बन सकता है, कांग्रेस में यह संभव नहीं है।

डॉ. बिंदल की ताजपोशी में ये हुए शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, संजीव कटवाल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सहित भाजपा प्रदेश पदाधिकारी और भाजपा विधायक और अन्य नेता उपस्थित रहे।

डॉ. बिंदल का लक्ष्य हिमाचल में कमल खिलाना 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि यह सभी कार्यकर्ताओं का प्यार और आशीर्वाद है कि एक बार पुनः उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंप गया है। उन्होंने इस दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि कल्याण आश्रम का काम करते-करते पार्टी ने उन्हें पांच बार विधानसभा का सदस्य बनाकर भेजा और 2 साल पूर्व मुझे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया और इस कार्यकाल में उन्होंने प्रवास कर पार्टी को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि अब उनका लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचारी और झूठी सरकार को उखाड़ फेंक कर भाजपा की सरकार को मजबूती के साथ स्थापित करना है। 

अगर आज प्रदेश में चुनाव हो जाए तो कांग्रेस पार्टी 8 सीटें भी जीत नहीं पाएगी : अनुराग ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल की नियुक्ति से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा। आने वाले समय में अगर हिमाचल प्रदेश में जब चुनाव होगा तो कांग्रेस पार्टी को 68 में से 8 सीटें भी नहीं प्राप्त होगी और हिमाचल में जोरदार तरीके से कमल खिलेगा। हिमाचल प्रदेश के कोने-कोने में गांव-गांव में जनता कांग्रेस पार्टी से परेशान है और यह आवाज पूरे हिमाचल प्रदेश से आ रही है, कांग्रेस पार्टी में अंतर्कलह चरम पर है। कैबिनेट में लड़ाई हो जाती है, मंत्री आते नहीं है, पार्टी में केवल अध्यक्ष है और कोई पदाधिकारी एवं मंडल नहीं है। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी एक लक्ष्य की ओर एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ शिमला जिले में एक साइट निरीक्षण के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर शारीरिक हमला करने के आरोपों के बाद एफआईआर दर्ज की गई है। एनएचएआई के प्रबंधक (तकनीकी) अचल जिंदल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिन्होंने मंत्री पर 30 जून को भट्टाकुफर क्षेत्र में एक पांच मंजिला इमारत के ढहने के बाद साइट विजिट के दौरान मारपीट और मौखिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। अगर मंत्री ही ऐसा कर रहे हैं तो सरकार क्या कर रही होगी। 

कांग्रेस पार्टी से पूछो कि 9 महीने से उनके पास केवल एक ही अध्यक्ष है ना पदाधिकारी ना मंडल : जयराम ठाकुर 

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हम उसे विचारधारा वाली पार्टी से आते हैं, जिस विचारधारा ने देश ही नहीं, दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनकर दिखाया है। उन्होंने कहा कि एक दौर वह भी था कि भाजपा का कार्यकर्ता सोचता था कि हम कभी सत्ता में आएंगे, पर आज देश को एक सशक्त नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंदर मिला है जो देश के तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता वर्तमान कांग्रेस सरकार को चुनकर कह रही है कि हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई है। इस सरकार का वर्तमान ढाई साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है‌। कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि सरकार को जनता द्वारा केवल मात्र विकास कार्य रोकने के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि इस कांग्रेस पार्टी से पूछो, जिनके पास पिछले 9 महीने से केवल मात्र एक पार्टी का अध्यक्ष ही है, ना जिला है, ना मंडल, ना कार्यकारणी, ना पदाधिकारी है। 

बूथ-बूथ पर कांग्रेस पार्टी की जमानत जब्त करने का संकल्प लेंगे : श्रीकांत शर्मा

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का संगठन मजबूत और सुदृढ़ है। पहले हिमाचल प्रदेश में 8 लाख प्राथमिक सदस्य हुआ करते थे आज 18 लाख हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विकसित भारत का संकल्प लेते हुए “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के लक्ष्य को लेकर काम करेगी और कार्यकर्ता बूथ पर अधिकतम समय देने का काम करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की सरकार बेईमान है, जहां केंद्र हिमाचल प्रदेश को बड़ी मात्रा में धनराशि प्रदान कर रहा है, वहीं यह सरकार इस धनराशि को भ्रष्टाचार कर खत्म करने का काम कर रही है। वर्तमान कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार से पैसा तो मांगती है, पर हिसाब नहीं देती है। उन्होंने कहा, “हमें संकल्प लेना है कि बूथ-बूथ पर कांग्रेस पार्टी की जमानत जब्त करेंगे और हिमाचल प्रदेश में 8009 बूथ पर कमल खिलाएंगे।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *