Spread the love

शिमला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा भारत में पहला ऐसा राजनीतिक दल बनने जा रहा है, जो डिजिटल माध्यम से अपने कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाएगा और एक पेपरलेस युग की शुरूआत करेगा। इस अभियान की शुरूआत पूरे भारतवर्ष में हिमाचल प्रदेश से हुई है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की विस्तारक योजना पूर्ण हो गई है और अब कांगड़ा-चंबा संसदीय हलके की विस्तारक योजना शुरू होगी।  

कश्यप ने कहा कि सभी विस्तारकों ने अपने 100 फीसदी लक्ष्य को प्राप्त किया है, जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी की अपेक्षा अपने कार्यकर्ता से थी, उसी प्रकार प्रत्येक कार्यकर्ता अपने काम पर खरा उतरा। उन्होंने बताया कि इस विस्तारक योजना के तहत हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 81257 से ज्यादा लोगों से संपर्क भारतीय जनता पार्टी ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला कभी नहीं कर सकती। कांग्रेस पार्टी के पास केवल नेता हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के पास देव तुल्य मजबूत कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही एक संगठन की नींव होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत और आत्मविश्वास का ही यह परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर सामने आया है।

कश्यप ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक विस्तारक ने अपने कार्य को पूर्ण किया।  इसका परिणाम आने वाले पंचायतीराज चुनावों में और उसके बाद विधानसभा चुनावों में स्पष्ट दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा, पार्टी कार्यकर्ताओं के बूते पंचायतीराज चुनावों में बड़ी संख्या में जीत के आएगी और 2022 में एक बार पुनः प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की मजबूत सरकार बनेगी। 

प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि अब कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र की विस्तारक योजना कल 15 सितंबर 2020 से प्रारंभ होने जा रही है। कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र में सभी कार्यकर्ता एवं विस्तारक गण इस कार्यक्रम को लेकर उत्साहित है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जिस प्रकार से हमीरपुर संसद क्षेत्र में स्वर्णिम कार्य हुआ है उसी प्रकार से कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र में भी बढ़-चढ़कर काम होगा और बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जनसंपर्क करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस ई विस्तारक योजना के सफल आयोजन के लिए सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, 1 माह के विस्तारक, सभी 2017 के प्रत्याशी, विधायक, मंत्रियों, बोर्ड निगम के अध्यक्ष एवं सभी ग्राम केंद्र विस्तारको का तहे दिल से धन्यवाद किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *