Spread the love

मण्डी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी पैरा वर्कर्स, आउटसोर्स कर्मियों को सरकार समय से मानदेय जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि जल रक्षकों ने गत दिन विधानसभा कूच के दौरान अपनी व्यथा मीडिया के सामने कही थी। उन्होंने कहा कि मानदेय बहुत कम होने के बावजूद उन्हें समय से नहीं मिलता। छः महीने तक इंतज़ार भी करना पड़ता है, तब जाकर कहीं वेतन आता है। यह स्थिति प्रदेश के अन्य पैरावर्कर्स की भी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कई विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी भी जब मिलते हैं तो उनकी भी यही शिकायत रहती है कि उनका वेतन बहुत विलंब से आता है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था करे कि सभी का वेतन और मानदेय समय से आए। देर से वेतन और मानदेय आने से सभी को बहुत समस्या होती हैं। हर किसी को परिवार चलाना है, जिसके लिए समय से उनके काम की क़ीमत मिलनी ही चाहिए। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार जल रक्षकों की मांगों को सुने और सहानुभूतिपूर्वक विचार करे। सरकार ने तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाते हुए सभी से संवाद का मार्ग बंद कर दिया है। सरकार से आज हर वर्ग क्यों हताश होकर सड़कों पर है सरकार को इस बारे में भी विचार करने की आवश्यकता है। प्रदेश में विकास के हर तरह के काम रुके हैं। लोगों को रोज़गार मिल नहीं रहा है। कांग्रेस द्वारा चुनाव के पहले हर वर्ग को तमाम तरह के आश्वासन दिए गये लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को पूरा करना तो दूर की बात है लोगों की बातें तक नहीं सुनी गई। तानाशाही और संवादहीनता के कारण आज यह स्थिति बनी है। 

सराज के बागाचनोगी में अंडर-19 खण्ड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, अंडर-12 प्रतियोगिता पर लगी रोक हटाने का सरकार से  किया अनुरोध

नेता प्रतिपक्ष ने सराज विधानसभा क्षेत्र के बागाचनोगी में अंडर-19 खण्ड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्रों से कहा कि खेलकूद से जहां स्वास्थ्य और सामर्थ्य बढ़ती हैं, वहीं व्यक्तिव में खेल भावना का विकास होता है। जो खिलाड़ी को नेतृत्व का हुनर भी देती है और हार जीत के समय सम-भाव होकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने का हौसला भी देती है। खेलकूद स्पर्धाएं मानसिक और शारीरिक तौर पर बच्चों को मजबूत रखती हैं, वहीं संघर्ष एवं परिश्रम का अनुभव भी देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को शुभकामनाएं भी दी। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से अंडर-12 प्रतियोगिता विभाग द्वारा लगाई रोक को तत्काल प्रभाव से हटाने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध भी किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *