शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में वीरवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर एक खेल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय क्रीड़ा-ज्ञान-दंगल रखा गया था। शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉक्टर राकेश शर्मा इस कार्यक्रम के समन्वयक रहे।
डॉ. राकेश शर्मा ने राष्ट्रीय खेल दिवस को मनाने की पृष्ठभूमि से विद्यार्थियों को अवगत करवाया तथा भारत में खेल की वर्तमान स्थिति पर अपने विचार रखे। उन्होंने खेल को अपने जीवन का एक अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया व भविष्य के शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को खेलों की ओर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

इस प्रतियोगिता का संचालन एम.एड द्वितीय सत्र के छात्रों द्वारा किया गया, जिनमें कीर्ति, प्रेरणा, पल्लवी, रोहित और प्रीति रहे। प्रतियोगिता में तीन टीमों ने भाग लिया। इसमें पहले टीम का नाम मैरीकॉम रखा गया था तथा इस टीम के प्रतिभागी एम.एड द्वितीय सत्र की साक्षी, सपना, शालू, निशा और अंजना रहे। दूसरी टीम मेजर ध्यानचंद, जिसमें में एमए एजुकेशन प्रथम सत्र के राकेश, वीरेंद्र, रेणु, दीपक और राशि रहे तथा अंतिम टीम मोनिका बत्रा में एमए एजुकेशन तृतीय सत्र के अभिलव, सरिता, सुभाषिनी, साधना, अक्षिता और दीक्षा रहे ।
इस प्रतियोगिता में कुल पाँच चरण रखे गए थे। इस खेल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में टीम मनिका बत्रा विजय रही। विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ. चमन लाल ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस प्रतियोगिता में प्रोफेसर अजय कुमार अत्री, डॉ. युद्धवीर, डॉ. कनिका हांडा विभाग के शोधार्थी कविता, मुकेश, ललित के अलावा अन्य शोधार्थी और शिक्षा विभाग के छात्र मौजूद रहे।
