शिमला। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं श्री नैना देवी जी से विधायक रणधीर शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के प्रभावितों को राहत प्रदान करने में तेजी से कार्य करे। उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकार के कर्णधारों से निवेदन किया कि सरकार द्वारा प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए और बिना कोई बहाने लगाए सरकार आपदा से लड़ने का मार्ग प्रशस्त करे। वे मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा इस आपदा की घड़ी में जनता और सरकार के साथ खड़ी है और हर सहयोग देने को तैयार हैं। उन्होंने पिछले साल आई आपदा का हवाला देते हुए कहा कि सरकार द्वारा घोषित आपदा पैकेज का लाभ अभी तक जनता को नहीं पहुंच पाया। यह कांग्रेस सरकार की बहुत बड़ी विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पिछली आपदा से कुछ सीखा नहीं और न कोई सबक लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी चर्चा के दौरान आए सुझावों को अनदेखा किया गया, जिसमें आपदा को किस प्रकार से रोका जाए या इस पर सावधानी बरती जाए, उन सुझावों को दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में आपदा से निपटने के लिए विशेषज्ञों से सलाह लेने की चर्चा हुई, लेकिन सरकार ने उस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।
रणधीर शर्मा ने कहा कि आपदा से पूर्व बारिशों के समय सरकार द्वारा किसी प्रकार की बैठकों का आयोजन नहीं किया गया, जैसे आपदा प्रबंधन, अधिकारियों की बैठक या अन्य किसी प्रकार की तैयारी बैठक होती थी। यह सरकार की तरफ से एक चूक है। उन्होंने सरकार को अश्वासन भी दिया कि भाजपा केंद्र से सहयोग करवाने को पूरी तरह तयार है।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जनविरोधी निर्णय लेने वाली सरकार है, जिस कारण उनकी पार्टी के अनेकों बार विस्फोट हो चुके हैं, पर सरकार फिर भी जनविरोधी फैसले लेने से पीछे नहीं हट रही। उन्होंने कहा कि जहां सरकार ने वादा किया था कि जनता को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, वहीं कांग्रेस सरकार ने जयराम सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त भी वापिस ले ली। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने जिस प्रकार से हिम केयर योजना को निजी हस्पतालों में बंद कर दिया, यह जनता से अन्याय है। अगर योजना में कुछ अनियमितता है तो इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, पर योजना को बंद करना किसी भी प्रकार का समाधान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दूरदराज क्षेत्रों के लोग निजी अस्पतालों में आसानी से इलाज करवा सकते हैं। यह योजना उन लोगों की लिए अति लाभकारी है।
