Spread the love

कहा – यदि कांग्रेस सरकार ताकतवर हुई तो जनता की सेवा करके दिखाए, न कि जनता के हक छीन कर

300 यूनिट बिजली फ्री का शोर, पर 125 फ्री भी छीन ली

ऊना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ताकतवर हुई है तो जनता की सेवा करके दिखाए, ना कि जनता के हक छीन कर। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनने के 18 महीने में प्रदेश को 10 वर्ष पीछे ले जाने का कार्य किया है। यह सरकार हिमाचल में विकास का एक भी कार्य नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि वह बार बार कांग्रेस के नेताओं से पूछते हैं, पर कांग्रेस के नेता विकास के मुद्दे पर मौन रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल मात्र सत्ता सुख भोगने का काम किया है।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में सरकार पर सवाल उठाया कि क्या यह सरकार मित्रों को लाभ पहुंचने वाली सरकार है? क्या यह कांग्रेस की सरकार मित्रों की और मित्रों की द्वारा है? उन्होंने कहा कि इस सरकार में केवल बंद-बंद-बंद का कार्य हुआ है। 1500 से ज्यादा संस्थान बंद, 350 स्कूल बंद, 800 स्कूलों का विलय, 125 यूनिट बिजली बंद, सहारा योजना, हिम केयर बंद। अगर वह स्कीमें गिनना शुरू करे तो बंद होने वाली योजनाओं की बड़ी सूची जनता के समक्ष आ जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़ी बात यह है कि इन सभी जन विरोधी निर्णयों को सरकार अपनी उपलब्धियों में गिना रही है। 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि इस सरकार ने डीजल पेट्रोल महंगा कर जनता पर बोझ बढ़ाने का काम किया है। साल का 25000 करोड़ का बोझ तो केवल पेट्रोल और डीजल के माध्यम से जनता पर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कांग्रेस सरकार ने केवल जनता के हितों पर डाका डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से 300 यूनिट फ्री बिजली प्रदान करने का सरकार ने शोर तो बहुत मचाया था, पर उसके बाद सरकार ने जयराम ठाकुर सरकार द्वारा दिए गए 125 यूनिट भी जनता से छीन लिए। 

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस की लोकसभा, राज्यसभा और उपचुनाव में करारी हार हुई, पर वह जीत का गलत नैरेटिव सेट करने का प्रयास कर रही है। 

व्यवस्था बैठक में जुड़े डॉ. बिंदल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने भाजपा कार्यसमिति बैठक को लेकर व्यवस्था बैठक में भाग लिया और आने वाली कार्यसमिति का पूर्ण जायजा लिया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री सिद्धार्थन, बिहारी लाल शर्मा, सिकंदर कुमार, जिला अध्यक्ष बलबीर चौधरी, संजीव कटवाल, सुमित शर्मा, डेजी ठाकुर, कर्ण नंदा, राकेश शर्मा, राजेश ठाकुर, अंकुश दत्त, संजीव देष्टा, मुनीश चौहान, राज कुमार पठानिया उपस्थित रहे। ऊना में 18 जुलाई को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक है और 19 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होनी है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *