????????????????????????????????????
Spread the love

शिमला। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वीरवार को राज भवन में प्रदेश में बाढ़ और मानसून के कारण जान-माल के नुकसान तथा राहत और पुनर्वास के संबंध में हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन के कार्यों की समीक्षा की।
प्रधान सचिव राजस्व, ओंकार शर्मा ने राज्यपाल को इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवगत करवाया कि बाढ़ और प्राकृतिक आपदा में फंसे लगभग सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। तीन दिनों में भारी बारिश के बावजूद आपदा प्रबंधन को युद्ध स्तर पर क्रियान्वित किया गया और यह कार्य पूरा किया गया। दिन-रात चले इस अभियान में चंद्रताल, सांगला, गिरी, मणिमहेश, कसोल, मनाली आदि स्थानों पर फंसे लोगों को निकाला गया है। यह भी अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की देखरेख में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर, एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन व विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से यह कार्य पूरा किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन ने इसके लिए पहले से व्यापक तैयारी की थी और मॉकड्रिल, मानसून से संबंधित अन्य तैयारी, बांध प्राधिकरण के साथ बैठकें, आपातकालीन संचार प्रणालियों के संबंध में मॉकड्रिल आदि समय-समय पर आयोजित किए गए थे।
इस अवसर पर राज्य आपदा प्रबंधन के निदेशक डी.सी. राणा ने राज्य में वर्षा की स्थित, राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर, मौसम की चेतावनी, बचाव कार्यों आदि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों, उनके सफलतापूर्वक संचालन तथा बचाव अभियान पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों को मेनुअल के अनुसार राहत एवं उनका पुनर्वास सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
राज्यपाल के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मंडलायुक्त शिमला संदीप कदम और अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *