Spread the love
करसोग‌। विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, जो कभी रूकती नहीं है। विकास एक ऐसी लौ है जिसे एक बार जला दिया जाए तो, वह निरंतर जलती रहती है। सरकार चाहें कोई भी हो। हिमाचल प्रदेश राज्य अपने गठन के बाद, विकास के मामले में निरंतर आगे बढ़ा है और विकास की लौ निरंतर जल रही है। विकास रूपी अत्याधुुनिक सुवधिाओं ने अपने कदम अब गांव की ओर बढ़ाएं है।
शहरों की तर्ज पर अब गांव में भी अत्याधुुनिक विकास की यह लौ धरातल पर नजर आने लगी है। गांव अब पर्यटन की दृष्टि से विकसित होने लगे है। युवा वर्ग, बच्चों, बुजुर्गो व समय की मांग के अनुसार गांव में ही अब अत्याधुनिक सुविधाएं जुटाई जा रही है। जिसका एक उदाहरण है करसोग क्षेत्र की ग्राम पंचायत ममेल ने प्रस्तुत किया है। पंचायत ने शहरों की तर्ज पर गांव में सेल्फी प्वाइंट बना इसे साबित भी किया है।
मंडी जिला के करसोग कस्बे के साथ लगती ग्राम पंचायत ममेल ने पंचायत क्षेत्र में युवाओं व पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बना कर पंचायत क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया है। पंचायत द्वारा आई लव ममेल के नाम से भ्याल गांव में यह सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। सेल्फी प्वाइंट युवाओं व क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
भ्याल गांव में सेल्फी प्वाइंट बनाकर ग्राम पंचायत ममेल, करसोग ब्लाॅक में इस तरह का सेल्फी प्वाइंट बनाने वाली पहली पंचायत भी बनी है। पंचायत द्वारा जिस स्थान पर यह सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है वह स्थल करसोग क्षेत्र के अराध्य देव, देवों के देव ममलेश्वर महादेव की बैठक स्थली भी है। पंचायत द्वारा यहां पर भव्य पंचवटी पार्क भी बनाया जा रहा है। जहां पर युवा वर्ग, बुजुर्गो सहित बच्चों के लिए विभिन्न आधुनिक सुविधाएं जुटाई जा रही है।
पंचायत प्रधान नारायण सिंह ठाकुर का कहना है कि पंचायत ने देवता के इस पवित्र स्थल को पंचवटी पार्क के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया। इसके अन्तर्गत सबसे पहले यहां स्थित प्राचीन बावड़ी का जीर्णोंद्वार कर इसे पुनः विकसित किया गया। यहां पर एक भव्य पार्क भी बनाया जा रहा है, जिसे पंचवटी पार्क का नाम दिया गया है। पंचायत द्वारा इस पार्क को मनरेगा के अन्तर्गत बनाया जा रहा है। पार्क निर्माण में अन्य मद्दों से भी व्यय किया गया है। निर्माण कार्य पर अब तक लगभग 15 लाख रुपये व्यय किए जा चुके है। पार्क के बीचोंबीच देवता की बैठक बनाई गई है। यहीं पर एक ओर ‘आई लव ममेल’ के नाम से सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है। पार्क में अन्य विभिन्न सुविधाएं भी जुटाई जा रही है। इनका कार्य चल रहा है। बजट के अनुसार विभिन्न कार्यो को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ममेल पंचायत, नगर पंचायत करसोग के साथ लगती पंचायत है। पंचायत क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। पंचायत में लोगों की सुविधा के लिए रास्तों को पक्का बनाया जा रहा है और अन्य विभिन्न प्रकार की मूलभूूत सुविधाएं भी लोगों की जरूरतों के अनुसार उपलब्ध करवाई जा रही है। पंचायत प्रधान का कहना है कि पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त विकास एवं बीडीओ करसोग अमित कल्थाईक का कहना है कि ग्राम पंचायतें युवा वर्ग की उम्मीदों, बच्चों व बुजुर्गों की आवश्यकताओं के अनुसार कार्य कर, उन्हें विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। गांव में अब पार्कों का निर्माण करने के साथ-साथ गांव को पर्यटन गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। शहरों की तर्ज पर सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जा रहे है। ममेल पंचायत द्वारा पंचवटी पार्क में सेल्फी प्वाइंट बनाना पंचायत की एक अच्छी पहल है। ग्राम ममेल पंचायत गांव में सेल्फी प्वाइंट बनाने वाली करसोग ब्लाॅक की पहली पंचायत है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *