Spread the love
धर्मशाला। भारतीय सेना की वीरता और सैनिकों की शौर्य स्मृति को समर्पित राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय धर्मशाला जल्द ही नए स्वरूप में दिखेंगे। सौंदर्यीकरण के साथ इनका कायाकल्प होगा, जिससे इन्हें अधिक आकर्षक बनाने के साथ-साथ देश भर से आने वाले पर्यटकों के लिए एक यादगार स्थल के रूप में इनकी पहचान को और बढ़ाने का लक्ष्य सधेगा।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय का दौरा कर वहां निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य शहीद स्मारक मेमोरियल सर्विस एवं विकास सोसायटी धर्मशाला के पदाधिकारियों के साथ वहां प्रत्येक निर्माण गतिविधि का निरीक्षण किया और कार्यों को समयबद्ध पूरा करने तथा गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें स्मारक के सुंदरीकरण के कार्यों और आगे की विकास योजना का ब्योरा दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय भारतीय सेना और सैनिकों के प्रति हमारे कृतज्ञ भावों के जीवंत दस्तावेज हैं। यह लोगों को उनकी पुण्य स्मृति को नमन करने तथा नई पीढ़ी के लिए अपने गौरवमयी इतिहास का परिचय पाने के पावन स्थल हैं। इसलिए इन स्थलों के सुंदरीकरण और जनभावनाओं के अनुरूप यहां सुविधाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इस पर करीब 55 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि यहां आना लोगों के लिए एक यादगार अनुभव बने। इसलिए राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय में भ्रमण को पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक तथा सुरुचिपूर्ण बनाने की दृष्टि से काम किया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर्यटकों के लिए प्रसाधन कक्ष, बेहतर पार्किंग व्यवस्था समेत अन्य सभी सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा, राज्य शहीद स्मारक मेमोरियल सर्विस एवं विकास सोसायटी धर्मशाला के अध्यक्ष केकेएस डडवाल सहित अन्य पदाधिकारी तथा वन, लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *