Spread the love
शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार के प्रति जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसके अलावा सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के भीतर भी बगावत की सुगबुगाहट है, जिसमें कभी भी विस्फोट हो सकता है। उन्होंने छह बार मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह के कांग्रेस के पोस्टर से गायब होने पर भी सवाल उठाया‌ और पूछा कि स्व. वीरभद्र सिंह, कांग्रेस के पोस्टर से क्यों गायब हुए हैं।
जयराम ठाकुर ने शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि बार-बार कर्ज का रोना रोने वाली सुक्खू सरकार अपने 4 माह के कार्यकाल में 6 हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार इस बार कर्ज लेने की सभी सीमाओं को लांघ जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की तरफ से दी गई सभी 10 गारंटियां उसके लिए गले की फांस बन गई है, जिस कारण वह नगर निगम चुनाव में एक भी गारंटी नहीं दे पाई। उन्होंने नगर निगम चुनाव प्रचार में इस बार पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री की फोटो गायब होने पर भी हैरानी जताई।
शिमला में पीलिया फैलने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू की तरफ से भाजपा को दोषी ठहराए जाने पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि उस समय प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय फैला था। इतना ही नहीं यह वर्ष, 2016 में जब शहर में पीलिया फैला तो उस समय नगर निगम में सीपीएम के मेयर और डिप्टी मेयर थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नगर निगम शिमला की सत्ता पर कांग्रेस के 25 साल पर भाजपा के 5 साल भारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने शिमला को स्मार्ट सिटी का दर्जा दिया, उससे शहर की कायाकल्प हो गई है। अंग्रेजी शासनकाल के बाद शहर में पहली बाद ढली में टनल बनी है। रोप-वे प्रोजैक्ट, लिफ्ट, रिज के जीर्णोंद्धार, सडक़ों को चौड़ा करने, बिजली-पानी की व्यवस्था सुधारने और पार्क निर्माण करने सहित अनगिनत कार्य हुए हैं।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि डीए देना व एटिक फ्लोर से जुड़े मामले आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार चुनावी लाभ लेने के लिए इस तरह की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सीधे तौर पर मतदाताओं को धमका रहे हैं कि यदि कांग्रेस का पार्षद नहीं बना तो विकास कार्य ठप हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता माता चिंतपूर्णी की सौंगध खाकर कहते थे कि हम ओपीएस पहली कैबिनेट में देंगे। उन्होंने कहा कि आज तक ओपीएस लागू नहीं हो पाई है। ऐसे में कांग्रेस नेता तो माता चिंतपूर्णी की सौंगध भी भूल गए।
कांग्रेस की गारंटिया हुई फेल – जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव में दी गई गारंटियां फेल हो गई हैं। ऐसे में मौजूदा समय में भाजपा के पक्ष में माहौल है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है तथा कांग्रेस जो कहती है, उसको कभी नहीं करती। उन्होंने कहा कि भाजपा यदि अपने प्रचार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगाती है, तो उससे कांग्रेस को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रधानमंत्री ने प्रदेश और शिमला के लिए अनेकों योजनाएं दी, उसकी फोटो भाजपा जरुर लगाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *