Spread the love
चंबा। प्रदेश में विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में नई योजनाएं भी आरंभ की गई हैं। इस समय प्रदेश में उच्च स्तर तक शिक्षण संस्थानों का बड़ा नेटवर्क विद्यमान है। सभी शिक्षण संस्थानों में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने के कारगर प्रयास किए जा रहे हैं व शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी है। इस वर्ष शिक्षा के लिए 8828 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है। ये शब्द विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शनीवार को राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहे।

पठानाया ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने महाविद्यालय में साइंस ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय की भूमि को विभाग के नाम करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने ओबीसी हॉस्टल भवन के मरम्मत कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने की बात भी कही।

उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि अध्यापक और अभिभावक दोनों मिलकर बच्चों में ऐसे गुणों का सृजन करें, जोे भविष्य में उनके काम आ सके। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में पूर्ण अनुशासन से मन लगाकर पढ़ाई करने और साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने का आह्वान किया ।
उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय में 1144 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इनका शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में प्रदर्शन साल दर साल अच्छा होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये गर्व का विषय है कि इस महाविद्यालय में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार छात्राओं को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है और प्रदेश की बेटियों ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर सबका मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि छात्रों ने महाविद्यालय में जिस उद्देश्य के लिए प्रवेश लिया है उसे प्रतिदिन स्मरण कर लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने छात्रों को समय के महत्व को समझाते हुए इसका सदुपयोग करने की सलाह दी।
उन्होंने पुरस्कृत छात्रों को बधाई देते हुए आशा जताई कि इनसे प्रेरणा लेकर महाविद्यालय के अन्य छात्र भी कड़ी मेहनत कर अपना अलग मुकाम बनाएंगे। उन्होंने महाविद्यालय के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रधानाचार्य और सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
विधानसभा क्षेत्र भटियात में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि उपमंडल मुख्यालय चुवाड़ी में मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ विभिन्न विभागों के मंडल स्तरीय कार्यालय खोले जाएंगे, जिसमें सिविल कोर्ट भी शामिल रहेगा ।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भटियात विधानसभा क्षेत्र में 50 से अधिक सड़कों के निर्माण के लिए बजट की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि रेफरल चिकित्सालय चुवाड़ी को मॉडर्न चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी तरह चुवाड़ी कस्बे के लिए निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जाएगी। भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सीवरेज योजना के मरम्मत कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य डॉ. संजीव कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर काॅलेज के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बेहतर प्रदर्शन के लिए 25 हजार रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने सुनी जन समस्याएं
इसके उपरान्त विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान हेतू सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस अवसर पर कार्यकारी एसडीएम एवं तहसीलदार सुमन धीमान, डीएसपी हेमंत ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोनिवि हर्ष पुरी, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास महाजन, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राकेश ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम सिंह चम्ब्याल, कांग्रेस महिला ब्लॉक अध्यक्ष शालू शर्मा प्राध्यापक, विद्यार्थी उनके अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *