Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां विश्व शांति और प्रदेश की समृद्धि के लिए राज्य भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित 55 लाख गायत्री मंत्र जाप की पूर्णाहुति में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य भाजपा महिला मोर्चा द्वारा इस कार्यक्रम के बेहतर आयोजन के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की भूमि है तथा संपूर्ण विश्व ने भारतीय प्रथाओं और संस्कारों के वैज्ञानिक आधार को माना है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने विश्व को चकित किया है तथा भारत भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण महामारी को काफी हद तक रोकने में कामयाबी मिली है, परंतु अभी भी एहतियात बरतने की आवश्यकता है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि विश्व के 15 सबसे विकसित देश जिनकी जनसंख्या लगभग 142 करोड़ है, उन देशों में कोरोना के कारण 5.76 लाख मृत्यु दर्ज की गई है, बल्कि भारत की जनसंख्या 135 करोड़ होने के बावजूद यहां 24 हजार से अधिक मृत्यु दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा समय रहते लिए गए लाॅकडाउन के निर्णय के कारण ही यह संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस ने न केवल विश्व अर्थव्यवस्था को प्रतिकूल रूप से प्रभावित किया है, बल्कि नीति निर्धारकों को अलग ढंग से सोचने पर भी विवश किया है। उन्होंने कहा कि इस महामारी के दौरान ग्रामीण आर्थिकी ने हमारी अर्थव्यवस्था को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण विश्व और देशभर से लोग अपने गांवों को वापिस आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चुनौतिपूर्ण समय में राज्य भाजपा महिला मोर्चा ने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने न केवल 50 लाख मास्क बनाएं, बल्कि उनका वितरण भी किया। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त महिला मोर्चा ने लोगों को फेस मास्क और शारीरिक दूरी के लिए जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘एक वृक्ष की पांच सखियां’ कार्यक्रम का आगाज पौधा लगाकर किया। गायत्री परिवार के मुखिया वीके भटनागर ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
भाजपा महिला मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रधान रश्मिधर सूद ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा तथा मोर्चे की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अनुष्ठान के लिए 24 हवन कुंड बनाए गए हैं। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, शहरी विकास मंत्री सरवीन चौधरी, संगठन सचिव पवन राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार और राज्य भाजपा के महासचिव त्रिलोक जम्वाल, महिला मोर्चा की महासचिव वन्दना गुलेरिया और शीतल व्यास शर्मा और मोर्चा के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *