Spread the love

शिमला। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि उसने सत्ता का खुल कर दुरूपयोग करते हुए प्रदेश को आर्थिक कंगाली पर ला कर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश 70 हजार करोड़ के कर्ज में डूब गया है और प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा 10 लाख से ऊपर चला गया है।
आज रामपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं व चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव ही प्रदेश का संतुलित विकास किया, जबकि भाजपा ने इसमें बड़ा भेदभाव किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने इस कार्यकाल में केवल उन योजनाओं के फीते काटे जो पूर्व वीरभद्र की कांग्रेस सरकार ने शुरू किए थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अभी कुछ माह पूर्व आनन-फानन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बगैर किसी बजट के घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास असफल किया है। उन्होंने कहा कि अपने पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने कभी भी प्रदेश की समस्याओं की कोई सुध नहीं ली। कर्मचारियों से भेदभाव किया।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन को तुरंत बहाल करेगी। सरकारी कार्यालयों में पड़े रिक्त पदों को भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त महंगाई से राहत देने के लिये महिलाओं को हर माह 1500 रुपए की आर्थिक सहायता व घरेलू उयोग की 300 यूनिट बिजली निशुल्क दी जाएगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिये 680 करोड़ की एक स्टार्टअप योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है। प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों से कांग्रेस को मजबूत करने व पार्टी प्रत्याशी को विजय बनाने का आग्रह किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *