शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय दुबे ने कहा कि देश की जनता को महंगाई व बेरोजगारी से राहत दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी 4 सितम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में जोरदार हल्ला बोलेगी। इसमें देशभर से लाखों लोग केंद्र सरकार को घेरेंगे और महंगाई को कम करने के दबाव बनाया जाएगा। वे यहां मीडिया से बात कर रहे थे।
दुबे ने इस दौरान यहां केंद्र की मोदी सरकार को महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 8 साल पहले दावा किया था कि अच्छे दिन आएंगे। अच्छे दिन जरूर आए, लेकिन पीएम मोदी के चंद पूंजीपति मित्रों के ही आए। उन्होंने कहा कि आम जनता की महंगाई व बेरोजगारी ने कमर तोड़कर रख दी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या 75 करोड़ किसानों के अच्छे दिए आए, जबकि एनएसएसओ की रिपोर्ट बताती है कि आमदनी 27 रुपए प्रति दिन रह गई। क्या उन युवाओं के अच्छे दिन आए, जिसमें मंत्रालय की रिपोर्ट कहती है कि 45 सालों में बेरोजगारी की दर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची है। क्या देश की आम जनता के अच्छे दिन आए, जिन्हें यूपीए सरकार में 400 रुपए में मिलने वाला रसोई गैस सिलेंडर अब 1150 में मिल रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में 60 रुपए में मिलने वाला पेट्रोल अब 100 रुपए पार हो गया है। 70 रुपए का खाद्य तेल अब 200 रुपए का मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जवला योजना के नाम पर मोदी सरकार ने देश में झूठ परोसा है। 3.50 करोड़ परिवार इस योजना में मिले रसोई गैस सिलेंडर को रीफिल ही नहीं करवा पाए हैं।
अजय दुबे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ऐसे वक्त में दालों का आयात करती है, जब देश में किसानों की फसलें तैयार होती है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि इसके पीछे की मंशा पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोदी सरकार अर्थव्यवस्था को नुकसान के लिए कोरोना को दोष देती है, जबकि सच्चाई यह नहीं है। देश में कोरोना से पहले ही बेरोजगारी, महंगाई ने जनता की कमर तोड़नी शुरू कर दी थी। यही वजह है कि एक-एक करके सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम बेचे जा रहे हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने हिमाचलवासियों से अपील की कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराएं और देशभर की जनता को महंगाई को राहत दिलाएं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 4 सीटों पर हुए उपचुनाव में प्रदेश की जनता ने जब सत्तारूढ़ भाजपा को 4-0 से हराया था तो उस दौरान मोदी सरकार ने महंगाई को कम करने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाए थे। इसलिए इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को हराकर देश की जनता को महंगाई से राहत दिलानी होगी।
