Spread the love

हमीरपुर। राज्य गौ संवर्द्धन आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रदेश सरकार ने बहुत ही प्रभावी कदम उठाए हैं और सरकार के इन प्रयासों के काफी अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गौशालाओं के बेहतर संचालन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव मदद दी जा रही है। सरकार ने इन गौशालाओं में रखे गए पशुओं के लिए अनुदान राशि बढ़ाकर अब 700 रुपए प्रति पशु कर दी है। इससे गौशालाओं के संचालकों को काफी राहत मिलेगी। वे यहां जिला के गौ सदनों के संस्थापकों एवं संचालकों के साथ बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

अशोक शर्मा ने गौ सदनों में उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं तथा पशुओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिला के गौशाला संचालकों की समस्याएं भी सुनीं और इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निवारण कर दिया। उन्होंने संचालकों से आग्रह किया कि वे अपनी गौशालाओं में अधिक से अधिक पशुओं को रखने की व्यवस्था करें। इस अवसर पर गौशाला संचालकों ने पशुओं की अनुदान राशि बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

 इससे पहले, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. मनोज शर्मा ने गौ संवर्द्धन आयोग के उपाध्यक्ष और सभी गौशाला संचालकों का स्वागत किया। सहायक निदेशक (परियोजना) डॉ. सतीश वर्मा ने जिला में चलाई जा रही गौशालाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। जबकि, डॉ. विनीत दीवान ने बैठक का संचालन किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *