शिमला। भाजपा इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगी, लेकिन कोरोना के कारण बदले हालात में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस बार सभा भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने स्थान पर परिवार के साथ कुटुम्ब योगा करेंगे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रदेश संयोजक रतनपाल सिंह पाल ने आज यहां यह बात कही।
रतन सिंह पाल ने कहा कि भाजपा हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर मनाती रही है और इस वर्ष भी योग दिवस विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है, लेकिन इस वर्ष परिस्थितियां बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोरोना महामारी से जहां पूरा विश्व त्रस्त है, वहीं भारत भी इससे अछूता नहीं है। इसलिए इस वर्ष कोरोना महामारी को ध्यान में रखते सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेसिंग) एवं अन्य स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए भाजपा विभिन्न कार्यक्रम करेगी। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व एकमत होकर योग को इम्यूनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) को बढ़ाने एवं स्वस्थ रहने का सबसे कारगर उपाय मानता है।
पाल ने कहा कि इस दिन सामूहिक योग के कार्यक्रम भी किए जाएंगे परन्तु इन कार्यक्रमों में संख्या 20 से अधिक नहीं होगी तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन किया जाएगा। कंटेनमैंट एरिया में सामूहिक योग के कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि सभी लोग वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने घरो में अपने परिवार के साथ योग करें और दूसरों को भी योग करने के लिए प्रेरित करें।
