कुल्लू। अब सैलानियों को वाहनों से रोहतांग पास जाने के लिए मंगलवार को भी अनुमति मिलेगी। बशर्ते इसके लिए वैध ऑनलाइन परमिट लिया गया हो। जिला दंडाधिकारी आशुतोष गर्ग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार जनहित को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस संबंध में एसडीएम मनाली की ओर से भी सिफारिश की गई थी। आगामी पर्यटन सीजन के चलते और अटल टनल की तरफ पर्यटक वाहनों की आवाजाही होने से रोहतांग पास जाने वाले वाहनों की संख्या में कमी को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
इससे पहले हर मंगलवार को बीआरओ की तरफ से इस सड़क मार्ग को सड़क के रख-रखाव के लिए बंद रखा जाता था। लेकिन अब इसे मंगलवार को भी वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया है और बीआरओ की तरफ से सड़क का रख-रखाव प्रतिदिन के हिसाब से करना होगा। सड़क को आपातकाल की स्थिति में बंद किया जा सकेगा, लेकिन इसके लिए स्थानीय प्रशासन को पहले सूचना देनी होगी।
???????????????????????????????????? 