Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। सरकार ने 20 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया है। इसके तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव निशा सिंह से वन विभाग वापस लेकर अब वह ग्रामीण विकास, पंचायती राज, प्रशासनिक सुधार विभाग देखेंगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान सचिव सुभाशीष पंडा अब स्वास्थ्य महकमे की जिम्मेवारी भी संभालेंगे। उन्हें कर एवं आबकारी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग भी दिया गया है। कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग की कमान संभालने वाले सचिव अमिताभ अवस्थी से उक्त विभाग लेकर बागवानी के साथ तकनीकी शिक्षा विभाग दिया गया है। प्रधान सचिव शिक्षा डॉ. रजनीश से तकनीकी शिक्षा विभाग लेकर वन विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, प्रधान सचिव भरत खेड़ा को लोक निर्माण विभाग सौंपा गया है। इसके अलावा उनके पास गृह एवं विजिलेंस, जीएडी, एसएडी, सैनिक कल्याण और संसदीय मामले विभाग का कार्यभार भी रहेगा।सरकार ने आईएफएस अधिकारी राजेश शर्मा को निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल विभाग तथा विनोद कुमार को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक धर्मशाला का प्रबंध निदेशक लगाया है।
सरकार के आदेशों के तहत आईएएस अधिकारी जेएम पठानिया को राज्य बिजली बोर्ड में निदेशक कार्मिक एवं वित्त का कार्यभार सौंपा गया है। आईएएस अधिकारी सुदेश मोक्टा को एचपीएमसी के प्रबंध निदेशक के अलावा विशेष सचिव राजस्व और आपदा प्रबंधन का कार्यभार सौंपा गया है, जबकि ललित जैन को निदेशक पर्यावरण विज्ञान एवं तकनीकी विभाग लगाया गया है। इनके पास स्टेट काउंसिल फॉर साइंस टेक्नोलॉजी एंड एनवायरनमेंट के सदस्य सचिव का कार्यभार भी रहेगा। आईएएस हरिकेश मीना को निदेशक ऊर्जा के अलावा प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, राजेश्वर गोयल को खाद्य आपूर्ति निगम का प्रबंध निदेशक लगाया गया है। आईएएस मनमोहन शर्मा अब शिमला स्मार्ट सिटी के सीईओ और प्रबंध निदेशक का कार्यभार देखेंगे। इनके पास शिमला जल प्रबंधन निगम के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी रहेगा। हिम ऊर्जा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रुपाली ठाकुर को शहरी विकास विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि रीमा कश्यप को हिमाचल एग्रो इंडस्ट्री कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इनके पास हिमाचल एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। अनुराग चंद्र को प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा का प्रबंध निदेशक लगाया गया है। राहुल कुमार को हिम ऊर्जा का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। सोनाक्षी सिंह तोमर प्रदेश अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालेंगी। इनके पास महिला विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। गंधर्व राठौर एडीसी कांगड़ा, मनीष कुमार एडीसी सिरमौर और अजय यादव रेजिडेंट कमिश्नर पांगी के पद पर नियुक्त किए गए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *