कुल्लू। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कुल्लू जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को आपदा राहत कार्यों के लिए एक करोड़ 52 लाख रुपए की राशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मनाली में भारी बर्फबारी तथा कुल्लू क्षेत्र में वर्षा के कारण प्रभावित सड़कों का मामला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष लाया गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कारवाई करते हुए जिला के लिये एक स्नो कट्टर, एक जेसीबी बैकहोल लोडर तथा एक बचाव वाहन खरीदने के लिये यह राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि इन वाहनों तथा मशीनों से आपदा से लड़ने में आसानी होगी तथा भारी बर्फबारी व वर्षा में जिला की सड़कें आवाजाही के लिए खुली रहेंगी, जिससे स्थानीय जनता को राहत प्रदान होगी।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के लिए जनकल्याण एवं विकास हमेशा से प्राथमिकता रही है और इसी क्रम में मनाली विधानसभा क्षेत्र में नित्य प्रति विकास कार्यों की नई इबारतें लिखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पेयजल हमारी सरकारी की प्राथमिकताएं रही है। वर्ष 2021-22 के दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र की सड़कों के निर्माण एवं रखरखाव पर 50 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है। विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के भवन निर्माण के लिये करीब 12 करोड़ की धनराशि खर्च की गई है। करोड़ों की परियोजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं।
