शिमला। शिमला नागरिक सभा की टूटू इकाई ने टूटू क्षेत्र में पीने के पानी की हर दिन आपूर्ति करने की मांग की है। नागरिक सभा ने चेताया है कि अगर पानी की सही व हर रोज़ आपूर्ति न की गयी तो नागरिक सभा कार्यकर्ता नगर निगम शिमला व जलशक्ति विभाग कार्यालय के बाहर खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
नागरिक सभा नेता विजेंद्र मेहरा, इंजीनियर पीएल पाहवा, हेमराज चौधरी, रजनी देवी, सौरभ कौंडल, राकेश कुमार, सुरजीत सिंह, मलकीयत सिंह, टेक चंद, संदीप वर्मा, विवेक कुमार, अनिल कुमार, संजीव कुमार, दीपक कुमार, कुंदन सिंह व रीता देवी आदि ने कहा कि टूटू क्षेत्र की जनता पिछले काफी दिनों से पीने के पानी की भारी दिक्कत झेल रही है। जनता को पानी की आपूर्ति तीन से सात दिन में की जा रही है। अभी मार्च का महीना चल रहा है व गर्मियों की ढंग से शुरुआत भी नहीं हुई है कि लोगों को पानी की भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। इससे जनता काफी परेशानी में है। जब जनता हर महीने पानी का बिल दे रही है तो लोगों को हर दिन पानी की आपूर्ति होनी चाहिए। जिस तरह से टूटू क्षेत्र में पानी की दिक्कत गर्मियों की शुरुआत में ही महसूस हो रही है तो फिर मई और जून के गर्मियों के मौसम में हालात और बदतर होना तय है।
शिमला नागरिक सभा के सदस्यों ने हैरानी व्यक्त की कि शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड बनाकर जनता को हर दिन 24 घंटे पानी देने की डींगें हांकने वाला नगर निगम शिमला टूटू क्षेत्र की जनता को कई-कई दिनों तक पानी मुहैया नहीं करवा पा रहा है। जब पानी की सप्लाई दी भी जा रही है तो यह बहुत कम दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कई दिनों बाद व कम पानी सप्लाई के लिए नगर निगम शिमला ट्रांसफॉर्मर खराब होने का हवाला दे रहा है। इससे स्पष्ट है कि नगर निगम की सप्लाई राम भरोसे है। नगर निगम के पास वैकल्पिक व्यवस्था न होना नगर निगम की लचर व अव्यवस्थित कार्यप्रणाली को दर्शाता है। जलशक्ति विभाग भी टूटू में कई दिनों के बाद पानी की आपूर्ति कर रहा है जिस से जनता काफी परेशानी में है। नागरिक सभा ने चेताया है कि अगर पीने के पानी की व्यवस्था दुरुस्त न हुई तो नागरिक सभा आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेगी।
