शिमला। जुब्बल-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि युवा वर्ग देश की ताक़त और भविष्य है। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जीवनशैली में खेल-कूद हमें मानसिक और शारिरिक तौर पर मज़बूत बनाते हैं, इसलिए युवाओं को बढ़चढ़ कर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। वे जुब्बल-कोटखाई के जुब्बल क्षेत्र में यूथ क्लब कायना द्वारा आयोजित विंटर कप क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोल रहे थे।
रोहित ठाकुर ने कहा कि खेलों से युवा आगे बढ़कर अपनी जिंदगी को ऊंचाइयों के शिखर तक पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के कई युवा क्रिकेट में नाम कमा चुके हैं। उन्होंने युवाओं में नशे के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा युवाओं से नशे से बचकर अपनी शक्ति का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना ही उनका एकमात्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि ठियोग-हाटकोटी सड़क का शेष कार्य सितम्बर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिक्रस के माध्यम से 44.52 करोड़ की स्वीकृत अतिमहत्वाकांक्षी पब्बर उठाऊ पेयजल योजना का चार वर्षों से लम्बित टेन्डर आवंटित कर कार्य प्रारंभ हो गया है। इस योजना के बनने से जुब्बल-नावर-कोटखाई की 27 पंचायतों के 194 गांव लाभन्वित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के प्रयासों से जर्मन वित्तपोषित 18 करोड़ की लागत से केएफडब्ल्यू योजना के तहत हाटकोटी में 66 केवी विद्युत नियंत्रण केंद्र को जल्द ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
रोहित ठाकुर ने कहा कि गुम्मा के सीए स्टोर को 16.48 करोड़ की लागत से पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत 1134 करोड़ रुपए के बाग़वानी विकास प्रोजेक्ट के तहत स्तरोन्नत किया जा रहा है, जिसे सेब सीज़न तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसी प्रकार कई वर्षों से 22 केवी विद्युत उप नियंत्रण केंद्र घुंघलीधार (जुब्बल) के लम्बित पड़े नवीनीकरण के मामले को पिछले बजट सत्र में उठाया गया था, जिसके लिए 1.54 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत हो गई है। उन्होंने कहा कि नवीनीकरण का कार्य जल्द ही प्रारम्भ होगा, जिससे जुब्बल और साथ लगती पंचायतों की विद्युत आपूर्ति समस्याएं दूर होगी। विंटर कप क्रिकेट प्रतियोगिता में 96 टीमों ने भाग लिया।
रोहित ठाकुर ने विजेता टीम चादनी किंग बलसन व उप विजेता टीम फ्रेंड्स बराल को जीत पर बधाई दी और प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर रूपिंदर धालटा प्रधान ग्राम पंचायत, कोट-कायना गोपी लाल उप प्रधान, चंदर रांगटा प्रधान व प्रकाश उप प्रधान ग्राम पंचायत मंढोल, यशवंत जस्टा उपाध्यक्ष पंचायत समिति, ईश्वर सिंह भोल्टा प्रधान व प्रेमलता चौहान पूर्व जिला परिषद सदस्य, युवक मंडल के प्रधान सुनील किमटा व अन्य पदाधिकारीगण, सन्तोषी नगर, शोली व कायना से महिला मंडल, पूर्व प्रधान निरंजन चौहान, सिकन्दर किमटा, शान्ता माउंटा, प्यारे लाल रामलाल केस्टा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता कैलाश मांटा, राजिंदर किमटा व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
