Spread the love

धर्मशाला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव केवल सिंह पठानिया ने रैत कांग्रेस कार्यालय में क्षेत्र की महिलाओं के साथ बैठक की। उन्होंने इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा घोषित किए बजट को दिशाहीन करार दिया। पठानिया ने कहा कि बजट को लोकलुभावन बनाने की पूरी कोशिश की गई है, जबकि उन्हें नहीं लगता कि मुख्यमंत्री इस बजट में की गई अपनी घोषणाओं को पूरा कर पाएंगे। केवल पठानिया ने प्रदेश की बिगड़ती अर्थव्यवस्था पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बजट में अर्थव्यवस्था सुधार के कोई भी उपाय नहीं सुझाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बजट पूरी तरह दिशाहीन है। बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से निपटने की भी इस बजट में कोई कारगर योजना नहीं है। यह बजट महज आंकड़ों का दस्तावेज है जो आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत राजनैतिक लाभ लेने के लिए लोगों को लुभाने के लिए बनाया गया है। 
पठानिया ने कहा कि जयराम सरकार का यह बजट उनकी सरकार की तरह खोखला है। इस बजट में बेरोजगार युवाओं, छात्रों, व्यापारियों, महिलाओं, बुजुर्गों के लिए कुछ भी नया नहीं है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। पूर्व की वीरभद्र सरकार के 5 साल के कार्यकाल में लगभग 80 हजार बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी अवसर मिला था। इसके विपरीत वर्तमान जयराम सरकार के 4 साल के कार्यकाल में यह आंकड़ा 50 हजार तक भी नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि इनमें भी हिमाचल के बेरोजगार युवाओं को दरकिनार कर बाहरी राज्यों के युवाओं को रोजगार देने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का 4 साल का कार्यकाल पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा किए कार्यों के रिबन काटने में ही निकला है। जयराम सरकार इतिहास की पहली ऐसी सरकार है जिसके कार्यकाल हर वर्ग दुखी है। पुलिस कर्मचारी, छात्र, आउटसोर्स कर्मचारी, आंगनबाड़ी कर्मचारी, हर वर्ग का कर्मचारी को सड़क पर उतरने पर मजबूर इस सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश के लोग इस तानाशाही सरकार को उखाड़ने का काम करेगी। कांग्रेस सरकार बनते ही प्रदेश में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करवाने का कार्य किया जाएगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *