Spread the love

शिमला‌। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मंडी जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र के धनोटू में पुलिस थाने का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पुलिस थाना सुंदरनगर, गोहर, नेरचौक, जंजहैली और मनाली के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर बेहतर यातायात प्रबंधन की सुविधा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह पुलिस थाना क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने में बहुत सहायक सिद्ध होगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार नाचन क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। धनोटू में खंड विकास कार्यालय खोला गया है और विकास खंड के तहत आने वाली 32 पंचायतें इससे लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए गोहर और धनोटू में दो खंड विकास कार्यालय कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनोटू में लोक निर्माण विभाग का विश्राम गृह भी बन रहा है और क्षेत्र में सड़कों के बेहतर और उचित निर्माण और रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए धनोटू में लोक निर्माण उपमंडल खोला गया है।उन्होंने कहा कि धनोटू-रोहंगलू सड़क के उन्नयन कार्य पर 18.66 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक भी अपने क्षेत्र के विकास को लेकर चिंतित हैं जो एक समर्पित निर्वाचित प्रतिनिधि की निशानी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि गोहर में 45.57 करोड़ रुपए से अटल आदर्श विद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है और चैल चौक और आसपास के गांवों के लिए 30.74 करोड़ रुपए की पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 8.53 करोड़ रुपए की राशि व्यय कर चैल-मावी सेरी सड़क के उन्नयन का कार्य भी प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनोटू थाने के भवन के निर्माण के लिए बजट का पर्याप्त प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 135 पुलिस थाने हैं और 30 करोड़ रुपए व्यय कर 15 नए थानों के भवनों के निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस देश के सबसे अनुशासित पुलिस बल में से एक है और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य पुलिस कलर टी.वी. के हुनरबाज कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा दिखाकर संगीत जगत में अपना नाम रोशन रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के चार साल के कार्यकाल में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है और प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई नीतियों और कार्यक्रमों से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए नाबार्ड के तहत चंबी से भूर तक मल निकासी योजना के कार्य को शीघ्र ही शुरू करने की घोषणा की।  उन्होंने नए खुले पुलिस स्टेशन के लिए शीघ्र ही एक वाहन उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राज्य के लोगों को बधाई भी दी। 

नाचन के विधायक विनोद कुमार ने इस थाने को क्षेत्र के लोगों को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाचन विधानसभा क्षेत्र में पिछले लगभग चार वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने पिछले चार वर्षों के दौरान निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 20 शिक्षण संस्थानों के स्तरोन्नयन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त दिया। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को भी विस्तारपूर्वक बताया। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि यह थाना क्षेत्र के लोगों को बेहतर पुलिस सुविधा प्रदान करना सुनिश्चित करेगा। मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, सहित अन्य गणमान्य लोग शिमला से तथा डीआईजी मंडी मधुसूदन, लेख राज राणा, सोहन सिंह ठाकुर, नरेंद्र भंडारी इस अवसर पर धनोटू में उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *