Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बुधवार को राजधानी शिमला के कृष्णा नगर में संत गुरू रविदास की 645वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने संत शिरोमणि गुरू रविदास की जयंती के उपलक्ष्य पर देश, प्रदेश तथा शिमला वासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि विश्वभर में महापुरुष समाज सुधार के लिए आते हैं, उनके बताए गए मार्गों पर चलने से समस्त समाज का उत्थान होता है।
सुरेश भारद्वाज ने कहा कि सामाजिक एकता और समरसता के प्रतीक, संत शिरोमणि गुरु रविदास ने ऐसे समय में जन्म लिया था, जब देश अनेकों कुरीतियों का सामना कर रहा था। उन्होंने अपने उपदेशों से दलित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के लिए जीवन भर कार्य किया। उनके अनुयायी आज भी सारी दुनिया को बराबरी का संदेश प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को इन महापुरुषों के कदमों पर चलने का संदेश देना चाहिए, ताकि देश में जाति प्रथा एवं अन्य कुरीतियों से निजात मिल सके।
शहरी विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार गरीबों के उत्थान के लिए प्रयासरत है। प्रदेश सरकार की अनेकों महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की जनता लाभान्वित हो रही है।
उन्होंने कृष्णा नगर में रास्ते के निर्माण एवं रविदास जी के मंदिर उन्नयन के लिए विधायक निधि से एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की। स्थानीय पार्षद बिट्टू कुमार पाना ने शहरी विकास मंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, पार्षद किमी सूद, जगजीत बग्गा, पूर्णमल, रविदास सभा प्रधान चरण दास, पूर्व महापौर संजय चौहान, पूर्व पार्षद रजनी सिंह, भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *