Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने दावा किया है कि नगर निगम शिमला के चुनावों में भाजपा का सूपड़ा ही साफ हो जाएगा। कांग्रेस ने भाजपा सरकार से नगर निगम शिमला के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाने की मांग करते हुए कहा है कि कांग्रेस इन चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता नरेश चौहान ने शुक्रवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा सरकार की कारगुजारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाल ही में प्रदेश में हुए उप-चुनावों में मिली करारी हार के बाद मुख्यमंत्री समेत पूरी भाजपा मानसिक दबाव में है। इसी का नतीजा है कि सरकार के फैसले जल्दबाजी में बगैर सोचे समझे लिए जा रहे हैं। 

नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार बहुत ही कमजोर है और उसके फैसले भी कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि आये दिनों अपने फैसलों से पलटना जयराम सरकार की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि असल में फैसले या तो दिल्ली में लिए जा रहे हैं या फिर पर्दे के पीछे आरएसएस ले रही है, जो बहुत ही चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने शिमला नगर निगम में शामिल किए पंचायत के क्षेत्रों में आज दिन तक नगर की कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई है। उन्होंने कहा कि लोग टैक्स देने को भी तैयार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री इसे भी वोट के नजरिए से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में इन क्षेत्रों का एक प्रतिनिधिमंडल जब अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिला तो उनका यह कहना कि वहां कितने वोटर हैं, बहुत ही खेदजनक है।

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना भी कि वह तो सुविधाएं देना चाहते हैं, लेकिन कुछ नेता इस पक्ष में नहीं हैं, भी मुख्यमंत्री की कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि साफ है कि मुख्यमंत्री अपने ही नेताओं के भारी दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी वार्ड को छोटा या बड़ा करने से भाजपा को कोई राजनीतिक लाभ मिलने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सत्ता से विदाई तय है। शिमला नगर निगम में कांग्रेस सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी प्रलोभन अब उसके काम आने वाला नहीं है। जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का पूरी तरह मन बना लिया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *