शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब में सुरक्षा में चूक के मामले को लेकर भाजपा ने राज्यभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने राजधानी शिमला में यह अभियान शुरू किया। इस दौरान शिमला नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल और मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा समेत कई भाजपा नेता साथ थे। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी जो कि देश के सबसे बड़े जनप्रतिनिधियों एवं प्रधान सेवक हैं, उनकी सुरक्षा में चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब प्रदेश आतंकवादी घटनाओं के लिए जाना जाता है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जान भी उनकी सुरक्षा में चूक की वजह से गई थी और राजीव गांधी की मृत्यु भी आतंकवादी घटना के कारण तमिलनाडु हुई थी।
भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा सभी प्रदेशों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री ने 42 हजार करोड़ रुपए की सौगात पंजाब को देनी थी। पंजाब सरकार को शायद विकास से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी का काफिला फ्लाईओवर पर 20 मिनट के लिए रुक गया जो कि नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के लिए ठीक नहीं था। यह एसपीजी एक्ट का उल्लंघन भी है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के जवान प्रदर्शकारियों के साथ चाय पी रहे थे, यह पंजाब सरकार की मिलीभगत को पूरी तरह से दिखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रपति से आग्रह करती है कि इस घटना पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा का भाजपा मज़ाक नहीं बनने देगी। प्रधानमंत्री सारे देश का होता है ना कि एक पार्टी का।भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने बताया कि पंजाब सरकार के कथित निंदनीय कार्य के विरोध में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के निर्देश पर हिमाचल के सभी 74 मंडलों में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
