Spread the love

शिमला। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग को निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन ने कहा कि फोक मीडिया एक पुरानी विद्या है, जिससे हम सीधे तौर पर आमजन से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकनाट्य प्राचीन समय से ही मनोरंजन के साथ-साथ परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम रहा है। उन्होंने कहा कि लोक नाट्य के माध्यम से हम कम शिक्षित लोगों को भी जानकारी उपलब्ध करवाते हैं,  जिससे प्रदेश के जरूरतमंद लोेग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। वे निदेशालय सूचना एवं जन सम्पर्क द्वारा शिमला में आयोजित दो दिवसीय फोक मीडिया कार्यशाला के समापन अवसर पर बोल रहे थे। 

ब्रसकोन ने इस कार्यशाला में उपस्थित प्रदेश के 62 पंजीकृत दलों के प्रभारियों से आग्रह किया कि वे सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों को बहुत ही सरल भाषा में लोगों को समझाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं से लाभान्वित हो। उन्होंने कहा कि वे सरल और स्थानीय बोलियों में योजनाओं पर आधारित गीत व नाटक तैयार करें और इस कार्य के लिए उन्हें विभाग द्वारा हर सम्भव सहयोग प्रदान किया जाएगा। विभाग का मुख्य कार्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना है, जिसमें हमारे लोक नाट्य दलों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि आज फोक मीडिया के समक्ष बहुत सारी चुनौतियां भी हैं परन्तु हम सोशल मीडिया, टीवी और अन्य आधुनिक माध्यमों का उपयोग करके सरकार की योजनाओं को प्रभावशाली तरीके से जन-जन तक पहुंचा सकते हैं।निदेशक ने कहा कि कोरोना काल में कलाकारों को रोजगार के कम अवसर प्राप्त हुए परन्तु अब विभाग कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी क्षतिपूर्ति व कार्य उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।

प्रदेश फोक मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव जस्सल ने निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया। लोक नाट्य कार्यशाला में विभाग द्वारा प्रदेश भर के अनुमोदित दलों के मुखिया तथा विभिन्न जिलों में नियुक्त नाट्य निरीक्षक ने भाग लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed