Spread the love

शिमला। निदेशालय सूचना एवं जन सम्पर्क ने प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों व नीतियों को फोक मीडिया कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से फोक मीडिया पर दो दिवसीय कार्यशाला का यहां शुभारम्भ किया। कार्यशाला के प्रथम दिन अतिरिक्त निदेशक आरती गुप्ता मुख्य अतिथि तथा संयुक्त निदेशक प्रदीप कंवर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

आरती गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि आज समाज में बहुत बदलाव आए हैं, अनेक चुनौतियां हैं। हमें इन चुनौतियों को अवसर में बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फोक मीडिया जन-मन से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। वे इस माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचाएं, दर्शकों से सुमधुर सम्पर्क व सम्बन्ध बनाएं, ताकि आम जन न केवल योजनाओं के विषय में जानें बल्कि योजना विशेष के पात्र लाभार्थी अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आगे आ सकें।
उधर, प्रदीप कंवर ने कहा कि हमारी नाटक की शैली लोक शैली पर आधारित हो तो लोग शीघ्र ही सरकार की योजनाओं को आसानी से समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन-जन तक सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए हमें स्वयं योजनाओं के बारे में सही जानकारी होनी चाहिए। योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त करने के लिए सांस्कृतिक दल विभाग से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान राज्य नाट्य दल व जिला नाट्य दल के कलाकारों ने नैमित्तिक कलाकारों के सहयोग से प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व कार्यक्रमों पर तैयार किया गया समूह गान, नाटक व नशा निवारण पर आधारित समूह गीत भी प्रस्तुत किया। लोक नाट्य कार्यशाला में विभाग द्वारा प्रदेश भर के अनुमोदित 62 दलों के मुखिया तथा विभिन्न जिलों में नियुक्त नाट्य निरीक्षक भाग ले रहे हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed