????????????????????????????????????
Spread the love

कुल्लू। कुल्लू जिले का 24वां जनमंच मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय महाविद्यालय हरिपुर में आयोजित किया गया। जनमंच की अध्यक्षता शिक्षा व कला, भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने की। जनमंच में मनाली विधानसभा क्षेत्र की कुल 13 ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। इन में बुरूआ, चचोगा, गोजरा, हलाण-एक, जगतसुख, करजां, नग्गर, पल्चान, प्रीणी, रूसमू, सरसेई, सोयल तथा वशिष्ट पंचातयों के चुने हुए प्रतिनिधियों सहित सैंकड़ों लोग शामिल हुए, जिनकी शिकायतों की सिलसिलेवार सुनवाई की गई। जनमंच में कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 50 का मौके पर निपटारा किया गया, जबकि शेष सात को संबंधित विभागों को तुरंत समाधान के लिए अग्रेषित किया गया। अधिकांश शिकायतें जल शक्ति, लोक निर्माण व बिजली विभागों से संबंधित थी। आयुर्वेद विभाग द्वारा 201 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और निःशुल्क दवाईयां भी वितरित की। प्री-जनमंच में 60 से अधिक शिकायतों का समाधान मौके पर किया गया। जनमंच में आज 209 इंतकाल किये गए। विभिन्न 62 प्रमाण पत्र राजस्व विभाग द्वारा जारी किए गए। एचआरटीसी ने 20 ग्रीन कार्ड जारी किए। 12 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज जनमंच में स्थापित कांउटर में प्रदान की गई।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए गोविंद ठाकुर ने कहा कि जनमंच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का सर्वाधिक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। जनमंच की विशेषता है कि लोग सीधे तौर पर न केवल सरकार से संवाद कर पाते हैं, बल्कि प्रश्न भी करते हैं। बेबाक अपनी बात करते हैं और अधिकारियों को भी उनके कार्य जल्द करने के लिए बाध्य कर देते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौर के बीच जनमंच कार्यक्रमों के आयोजन नहीं हो पाए, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाईन 1100 के माध्यम से प्रदेश के लोगों की लाखों समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित बनाया गया।  
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 दुनिया के इतिहास में कोरोना जैसा खतरनाक वायरस लेकर आया जिसने समूचे विश्व की आर्थिकी को झकझोड़ कर रख दिया। हमारा देश और प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना के संकट से जिस दूरदर्शिता से देश को उभारा, पूरी दुनिया उसकी तारीफ कर रही है। भारत दुनिया में सबसे अधिक कोरोना वैक्सीन प्रदान करने वाला देश बन गया। कम अवधि में देश की 100 करोड़ आबादी को पहली डोज प्रदान करके प्रधानमंत्री ने इतिहास रच दिया। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना, जहां सबसे पहले शत-प्रतिशत पात्र आबादी को कोरोना वैकसीन की पहली डोज का लक्ष्य हासिल किया। अब दूसरी डोज का लक्ष्य 30 नवम्बर तक हर हालत में हासिल किया जाएगा। इसके लिये उन्होंने सभी लोगों से सहयोग करने की अपील की। 
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी क्षेत्रों में विकास की करोड़ों-करोड़ों की घोषणाएं की हैं। अब अधिकारियों की जिम्मेवारी है कि लक्ष्यों को निश्चित अवधि के भीतर पूरा करने के लिए दोगुणी गति के साथ निर्माण कार्यों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का लाभ लोगों को समय पर मिलना चाहिए। प्रदेश सरकार इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। अधिकारी अपने दायित्वों का इमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए आम जनमानस की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करें। जब से वर्तमान राज्य सरकार सत्ता में आई, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पहले दिन से यह कोशिश थी कि लोगों को घर-द्वार पर लाभ प्राप्त हो। इसके लिए जनमंच आरंभ किया गया ताकि लोगों का सरकार के साथ सीधा संपर्क स्थापित हो और उनकी शिकायतों का मौके पर समाधान किया जा सके। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनाली विधानसभा को प्रदेश के आदर्श विधानसभा क्षेत्र के तौर पर विकसित किया गया है। यहां 98 प्रतिशत सड़क कनेक्टिविटी है और केवल दो फीसदी क्षेत्र है जहां जमीन उपलब्ध न होने अथवा वन क्लीयरेंस के कारण सड़कें नहीं बन पाई हैं। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार सालों के दौरान अनेक नई सड़कों का निर्माण किया गया। बहुत सी सड़कों को पक्का किया गया है।
गोविंद ठाकुर के अधिकारियों से कहा कि लोगों की छोटी-छोटी शिकायतों और समस्याओं का समाधान तुरंत किया जाना चाहिए। इसके लिए उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगवाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि लोगों के बहुत से काम ऑन लाईन अथवा दूरभाष व मोबाईल से किए जा सकते हैं। उन्होंने पेयजल व बिजली की समस्या से जुड़े अनेक मामलों में मौके पर अधिकारियों को इनके तुरंत समाधान के निर्देश दिए।  
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने ‘बेटी है अनमोल’ योजना के तहत सात बेटियों को प्रत्येक को 12 हजार रुपए की एफडी प्रदान की। मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत तीन बेटियों के अभिभावकों को 31000 रुपए की प्रत्येक को राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत तीन बेटियों को प्रत्येक को 51000 रुपए के चेक वितरित किए। शिक्षा मंत्री ने जिला की 10वीं तथा 12वीं कक्षा की मेधावी छात्राओं को सशक्त महिला योजना के तहत प्रत्येक को पांच हजार रुपए की राशि व प्रशस्ति पत्र वितरित किए।उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने जन शिकायतें प्रस्तुत की और इनके समाधान पर बहुमूल्य इनपुट दी। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री अखिलेश कपूर, महामंत्री ठाकुर दास व देवेन्द्र ठाकुर, नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर, पंचायत समिति अध्यक्ष कुंदन ठाकुर, रेशमा ठाकुर सहित पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधि प्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इस मौके पर उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed