????????????????????????????????????
Spread the love

शिमला। शहरी विकास व आवास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा है कि नगर निगम शिमला व सैहब सोसायटी के कर्मचारियों ने पिछले दो वर्षों में कोविड महामारी के दौरान फ्रंट लाईन वर्कर के तौर पर सबसे बेहतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सफाई के दौरान उनको बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से सभी सफाई कर्मचारियों को बेहतर किस्म की वर्दी प्रदान की जा रही है। वे शनिवार को यहां ऐतिहासिक रिज मैदान में रोटरी क्लब शिमला के सौजन्य से वर्दी वितरण कार्यक्रम में में बोल रहे थे। भारद्वाज ने नगर निगम शिमला तथा सैहब सोसायटी के कर्मचारियों को वर्दी वितरित कर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित भी किया।

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा पूरे विश्व में समाज सेवा का कार्य करती आ रही है। क्लब द्वारा आम लोगों विशेषकर निम्न वर्गों के लोगों के लिए अनेकों भलाई के कार्य किए जा रहे हैं। शिमला में हर क्षेत्र में भी रोटरी क्लब का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। इसी कड़ी में रोटरी क्लब शिमला द्वारा सैहब सोसायटी एवं नगर निगम के 1200 सफाई कर्मचारियों को वर्दी किट वितरित की जानी है, जिसका खर्च लगभग 7 लाख 92 हजार रुपए है। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि नगर निगम शिमला द्वारा हर वर्ष दो बार इस तरह के आयोजन कर सफाई कर्मचारियों को वर्दी प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रोटरी क्लब शिमला के प्रधान केके खन्ना ने बताया कि क्लब द्वारा दी जा रही वर्दी मिलने से सफाई कर्मचारियों को प्रत्येक मौसम में कार्य करने के दौरान सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि कैंसर अस्पताल के निकट एक सरायं का निर्माण लगभग 3.5 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण किया गया है, जिसमें 70 लोगों के ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां पर केवल कैंसर से ग्रस्त लोग तथा उनके संबंधी के ठहरने का प्रावधान होगा। सराय का लोकार्पण निकट भविष्य में किया जाएगा। 
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री ने लगभग 30 सफाई कर्मचारियों को वर्दी किट वितरित की। नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षदगण, नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम अजीत भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष रोटरी क्लब वीपी काल्टा, रोटरी क्लब से परीक्षित मेहदूरिया, अतुल टांगरी एवं अन्य गणमान्य लोग इस दौरान उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *