Spread the love

शिमला। कांग्रेस नेता व विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा तीन कृषि कानूनों को रद्द करना सच्चाई व अन्नदाता की जीत और अहंकार व तानाशाही सरकार की करारी हार है। वे शनिवार को जुब्बल-कोटखाई विधानसभा हलके के देवरी-खनेटी में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कृषि कानून वापस लेना कोई संयोग मात्र नहीं है, बल्कि जहां आगामी वर्ष में होने वाले विधानसभा के आम चुनाव का भय है, वहीं उप चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार का नतीज़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से किसान, केंद्र सरकार के तीन कृषि क़ानूनों के खिलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय रहते क़ानूनों को रद्द कर देती तो 700 आंदोलनकारी किसान शहीद न होते। उन्होंने कहा कि देशभर में हाल ही में हुए उप चुनाव में मिली करारी हार से केंद्र की भाजपा सरकार को आनन-फ़ानन में पहले पेट्रोल-डीज़ल के दामों में कटौती करनी पड़ी और अब तीन कृषि कानूनों को रद्द करने का फैसला लेना पड़ा है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा एक समान दृष्टिकोण के साथ संतुलित और समग्र विकास करने का प्रयास किया है जिसे आगे भी निरन्तर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि  बाग़वानी को और सुदृढ़ करने व पर्यटन स्थलों को चिन्हित कर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उप-चुनाव से पूर्व भाजपा सरकार ने जो भी घोषणाएं की हैं उन्हें अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि 2014 में केंद्र की भाजपा सरकार 2022 तक बाग़वानों-किसानों की आय दोगुना करने की बात करती थी, इसके विपरीत पिछले 7 वर्षों में कृषि-बागवानी पर लागत ही दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए उप चुनाव, 2022 के विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल था। भाजपा के खिलाफ़ सेमीफ़ाइनल में जनता ने कांग्रेस पार्टी को 4-0 से जीताकर संकेत दे दिया है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार सत्ता में वापसी करेगी। 

विधायक ने देवरी-खनेटी और पराली-बदरूनी पंचायतों की समस्त जनता का उपचुनाव में आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद किया और क्षेत्र की समस्याओं को चरणबद्ध तऱीके से समाधान करने बारे आश्वासन दिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उप चुनाव में निरंतर संघर्ष और मेहनत कर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने पर धन्यवाद किया। इस अवसर पर बृजलाल शर्मा निवासी डाहर ने परिवार सहित कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। जन आभार कार्यक्रम में  जुब्बल-नावर-कोटखाई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, प्रधान भूप सिंह व सतीश बसोली, उप प्रधान नंद लाल व नीरज रौंगटा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चौहान, राजिंदर बेक्टा, ओपी चंद्रा, पुष्पा कंवर, कामेश्वर सोफ़रा,अमर चंद व ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कपिल ठाकुर भी मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed