Spread the love

नाहन। सिरमौर जिले के रेणुका में मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का शुभारम्भ आज मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने किया। उन्होंने ददाहू में भगवान परशुराम की पालकी उठाकर शोभा यात्रा में भाग लिया।पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले और त्यौहार हमारे समृद्ध सांस्कृतिक भंडार का अभिन्न अंग हैं और आने वाली पीढि़यों के लिए इसे संरक्षित करने के लिए ठोस प्रयास किए जाने चाहिए।इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम मंदिर और माता रेणुका जी मंदिर में शीश नवाया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का शुभारम्भ भी किया। चैरी की धार हेलीपैड से मेला ग्राउंड तक करीब 10 किलोमीटर लंबे रास्ते में लोगों द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।

राज्य रेडक्राॅस सोसायटी की उपाध्यक्षा एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डाॅ. साधना ठाकुर, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, नाहन के विधायक डाॅ. राजीव बिन्दल, रेणुका के विधायक विनय कुमार, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, उपायुक्त सिरमौर आर.के. गौतम, पुलिस अधीक्षक ओमापति जम्वाल व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed