Spread the love

ऊना। ग्रामीण विकास, पंचायती राज व कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि रविवार को हिमाचल प्रदेश में 2539 मीट्रिक टन खाद पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात के कांडला में इफको के प्लांट से खाद भेजी जा चुकी है, जो रविवार को हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों में पहुंच जाएगी और सोमवार से किसानों को खाद मिलना आरंभ हो जाएगी। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है, लेकिन इस बार कुछ किसानों ने समय से लगभग 20 दिन पहले फसल की बिजाई कर दी। इसके बावजूद सरकार ने किसानों की आवश्यकताओं को देखते हुए सभी प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग को देखते हुए और खाद भी मंगवाई जाएगी तथा उन्हें उचित मात्रा में खाद की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं से भली-भांति अवगत है तथा उनके हितों को सुरक्षित रखने के लिए कृतसंकल्प भी है। कंवर ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में किसानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। 
कृषि मंत्री ने कहा कि जिला ऊना के लिए 460 मीट्रिक टन खाद इफको के माध्यम से तथा 70 टन खाद हिमफैड से रविवार को पहुंच रही है, जिसका वितरण सोमवार से सोसाइटियों के जरिए आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा के लिए 480, शिमला के लिए 560, मंडी के लिए 310, सिरमौर के लिए 300, सोलन के लिए 115, कुल्लू के लिए 144, लाहौल-स्पीति के लिए 30, बिलासपुर व हमीरपुर के लिए 45-45, चंबा के लिए 30 तथा किन्नौर के लिए 20 मीट्रिक टन खाद पहुंच रही है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed