शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को राज्य में दलितों पर हो रहे हमलों व अत्याचारों के विरोध में बारिश के बीच रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे मौन प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन प्रदर्शन कर कुल्लू जिले में दलित परिवार पर हुए जानलेवा हमले की न्यायिक जांच की मांग की। उधर, रिज मैदान पर प्रदर्शन के बाद पार्टी नेता व कार्यकर्ता राजभवन पहुंचे और वहां राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को ज्ञापन भी सौंपा। इसमें उन्होंने कुल्लू जिले में दलित परिवार पर हुए हमले की न्यायिक जांच की मांग की।
राठौर ने राज्यपाल को प्रदेश में हो रहे दलितों पर हमले व अत्याचारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलित समाज अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है, इसलिए उन्हें पूरी सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, जो प्रदेश में अशांति फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
राठौर ने कहा कि राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले की पूरी रिपोर्ट लेंगे व जल्द जांच करवाने को कहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में अशांति फैलाने वालों या कानून व्यवस्था तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने के लिए भी वह सरकार से कहेंगे। राज्यपाल से मिलने गए प्रतिनिधिमंडल में कुलदीप सिंह राठौर के साथ विधायक जगत सिंह नेगी, नन्द लाल, पूर्व विधायक गंगू राम मुसाफिर व डॉ. बीरू राम किशोर के अतिरिक्त जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा व शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, सचिव हरिकृष्ण हिमराल व बलदेब ठाकुर और प्रवक्ता किरण धांटा साथ थी।
इससे पहले रिज मैदान पर हुए मौन प्रदर्शन के बाद राठौर ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश में दलितों पर हो रहे हमले बहुत ही चिंता की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों को सरकार का पूरा संरक्षण है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल पर सत्ता से जुड़े कुछ लोगों द्वारा पुलिस की मौजूदगी पर जानलेवा हमला किया गया, उन दोषियों पर आज दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राठौर ने कहा कि इसी तरह कुल्लू में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व प्रधान परस राम और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में गम्भीर तौर पर घायल परस राम का निधन हो गया, जबकि उसकी पत्नी नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन हैं। उन्होंने कहा कि वह उनकी पत्नी से अस्पताल में मिले और उसने इस हमले की रो रो कर पूरी दास्तां सुनाई। उन्होंने कहा कि घायल महिला ने उन्हें बताया कि चूंकि हमलावर प्रभावशाली हैं और भाजपा सरकार से जुड़े हैं तथा प्रशासन इस मामले की जांच में लीपापोती कर इसे रफादफा करने की कोशिश कर रहा है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस, प्रदेश में किसी के साथ भी अन्याय सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के साथ खड़ी है और अन्याय के खिलाफ लड़ रही है।
कुलदीप राठौर ने सरकार से इस परिवार को सरकारी नौकरी देने व उचित मुआवजा देने की मांग भी की है। राठौर ने कहा कि बुधवार को पूरे प्रदेश में सभी जिलों में जिलाध्यक्षों व सभी ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से राज्यपाल को इस संदर्भ में ज्ञापन देंगे। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी सरकार इस हमले की न्यायिक जांच से भागती है तो आगे की रणनीति फिर से तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के हमले कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

