????????????????????????????????????
Spread the love

कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिला के लिए अनेक विकासात्मक घोषणाएं की हैं। इन सभी कार्यों को अमलीजामा पहनाना विभागीय अधिकारियों का जिम्मा है। वे सोमवार को जिला के प्रमुख विकास व निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बिजली महादेव के लिए रज्जू मार्ग के निर्माण कार्य के लिए समिति का गठन किया गया है। रज्जू मार्ग के लिए सम्पर्क सड़क का निर्माण जल्द किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसडीएम, राजस्व, जिला पर्यटन अधिकारी व लोक निर्माण विभाग द्वारा मौके का सयुंक्त निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को इस मार्ग के निर्माण की औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, पलचान से रोहतांग रज्जू मार्ग के निर्माण कार्य की सभी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा, ताकि कार्य आरंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि रज्जू मार्गों के निर्माण से दोनों की स्थलों में पर्यटन में और अधिक इजाफा होगा।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला में विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्यों को आरंभ करने तथा पूरा करने के लिए सभी विभागों में आपसी तालमेल होना जरूरी है। जिस विभाग के माध्यम से जो औपचारिकता पूरी होनी है, वह अविलंब इसे पूरा करे। किसी प्रकार की बहानेबाजी सही नहीं है, इससे विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेवारियों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लोगों को समय पर लाभ मिले। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे निर्माण कार्य हैं जो 80 से 90 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं और यदि धनराशि जारी न होने के कारण अटके हैं, तो ऐसे कार्यों के लिए धनराशि को अन्य कार्यों से हस्तांतरित किया जा सकता है। अधिकारी ऐसे कार्यों के बारे में जल्द से रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उपायुक्त ने कहा कि जिला के विकास कार्यों की माह में दो बार समीक्षा की जाएगी। सभी अधिकारी बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार कार्यों में प्रगति लाने की दिशा में काम करें। अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *