Spread the love

शिमला। शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत राजधानी के उपनगर विकास नगर में 14 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। यह बात शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सोमवार को यहां 35 लाख रुपए से निर्मित 16 दुकानों के उद्घाटन अवसर पर कही। भारद्वाज ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत विकास नगर में सड़क के साथ बैठे तहबाजारियों के लिए ये 16 दुकानें निर्मित कर आवंटित की गई हैं। इन दुकानों के बनने से जहां सड़क के किनारे बैठे तहबाजारियों को दुकानों का लाभ प्राप्त होगा, वहीं शिमला शहर के सौंदर्यीकरण को भी लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के उपरांत, शहरी विकास मंत्री नेे परियोजना के तहत विकास नगर में 11 करोड़ रुपए से निर्मित होने जा रही पार्किंग तथा 2 करोड़ 50 लाख रुपए से निर्मित होने वाली लिफ्ट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को अक्टूबर, 2021 तक पूर्ण किया जाए। 
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत शिमला के सौंदर्यीकरण में तेजी लाई जाएगी तथा काॅमर्शियल काॅम्पलेक्स, नए मार्ग, फुटपाथ, स्ट्रीट लाईटें, सोलर पैनल, माॅडल स्कूल, पैदल पथ मार्ग तथा आधुनिकीकरण से बनने वाले पार्क तथा वृद्धजनों के लिए वर्षा शालिका शिमला में मुहैया करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्ल्ड बैंक के साथ एमओयू में हस्ताक्षर कर दिए गए है, जिसके तहत आने वाले समय में शिमला शहर के लोगों को पानी की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा।
इस अवसर पर महापौर नगर निगम शिमला सत्या कौंडल, उप-महापौर शैलेन्द्र चौहान, विकास नगर की पार्षद रंजना भारद्वाज, कंगनाधार की पार्षद रेनु चौहान, जाखू की पार्षद अर्चना धवन, खलीनी के पार्षद पूर्ण चंद तथा नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली, एसडीएम शिमला ग्रामीण बाबू राम चौहान एवं अन्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *