शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे एकजुट होकर पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों के प्रचार व प्रसार में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है और उन्हें इसे पूरी निष्ठा से निभाना है। वे रविवार को यहां प्रदेश मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं व अन्य विभागों के पदाधिकारियों, सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान बोल रहे थे।
संजय दत्त ने कहा कि पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता है, जिनके परिश्रम से कोई भी दल सत्ता पर काबिज होता है। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों में कांग्रेस की लड़ाई न केवल प्रदेश सरकार के विरूद्ध है, बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरना है। उन्होंने कोरोना काल में लोगों की मदद करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सराहनीय कार्य कर रही है और प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में सभी कांग्रेस नेता, विधायक, पूर्व विधायक एवं पदाधिकारी एकजुटता के साथ लक्ष्य 2022 की ओर प्रभावशाली ढंग से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सुझावों एवं भावनाओं को वह आला कमान के समक्ष रखेंगे।
संजय दत्त से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रघुवीर बाली, शिमला जिला परिषद की अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, सदस्य प्रभा वर्मा के अतिरिक्त सोलन नगर निगम की महापौर पूनम ग्रोवर, उप महापौर राजीव कौड़ा समेत कई नेताओं ने मुलाकात की। बता दें कि सह प्रभारी बनने के बाद अपने पहले प्रवास में संजय दत्त ने कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुखों, विभागों के प्रमुखों सहित उनसे मिलने आए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से सहर्ष भेंट करते हुए उनके विचारों को सुना।
