Spread the love

शिमला। भारत सरकार ने प्रदेश के लिए केन्द्रीय सड़क एवं अधोसंरचना निधि (सीआरआईएफ) के तहत 194.58 करोड़ रुपए की लागत की 12 परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। केंद्र ने ये परियोजनाओं बुधवार को स्वीकृत की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने केन्द्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से इन परियोजनाओं की स्वीकृति का मामला उठाया था। ऐसे में भारत सरकार द्वारा इन 12 परियोजनाओं की स्वीकृति का श्रेय मुख्यमंत्री के निरंतर प्रयासों को जाता है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान करने के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं सड़कों की गुणवत्ता में सुधार के अतिरिक्त प्रदेशवासियों को बेहतर सम्पर्क सुविधाएं प्रदान करने में उपयोगी होंगी। उन्होंने कहा कि सड़कें पहाड़ी क्षेत्रों की जीवन रेखाएं हैं और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आवश्यक हैं। आर्थिक विकास और उन्नति में सड़कों का महत्वपूर्ण योगदान है।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं में जिला सिरमौर में मारकण्डा नदी पर 16.62 करोड़ रुपए की लागत का 80 मीटर लम्बा पुल व गुरूद्वारा साहिब एनएच-07 से मारकण्डा नदी पर खड्ड के ऊपर 27.60 मीटर लम्बा पुल, जिला मण्डी में धर्मपुर-सन्धोल सड़क पर कोठीपतन में ब्यास नदी पर 22.82 करोड़ रुपए की लागत वाला 150 मीटर लम्बा फुटपाथ सहित डबल लेन पुल, जिला सिरमौर में मोगीनन्द से सुकेती सड़क पर मारकण्डा नदी पर 10.07 करोड़ रुपए की लागत वाला 60 मीटर लम्बा पुल, कांगड़ा जिला में आरा चौक से जोरावर सड़क के सुधार कार्य, विस्तारीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 8.39 करोड़ रुपए की परियोजना, जिला मण्डी में थलौट में ब्यास नदी पर 14.60 करोड़ रुपए की लागत के फुटपाथ सहित 85 मीटर लम्बा डबल लेन प्री-ब्रिज की प्रारम्भिक परियोजना रिपोर्ट और 21.03 करोड़ रुपए की लागत से कांगड़ा जिला में परौर धीरा नौरा सड़क से पूर्बा सड़क का विस्तारीकरण और सुदृढ़ीकरण शामिल हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केन्द्र सरकार ने जिला किन्नौर में कड़छम-सांगला-छितकुल सड़क के सुधार कार्य व विस्तारीकरण के लिए 15.56 करोड़ रुपए, कांगड़ा जिला में आलमपुर हारसीपतन सड़क के सुधार कार्य व सुदृढ़ीकरण के लिए 31.63 करोड़ रुपए, जिला हमीरपुर में सुजानपुर से हमीरपुर वाया कोट चौरी पटलान्दर छमियान सड़क के सुधार कार्य और विस्तारीकरण के लिए 32.66 करोड़ रुपए, जिला मण्डी में लम्बाथाच में बेखली खड्ड के ऊपर फुटपाथ सहित 40 मीटर लम्बे डबल लेन पुल की प्रारम्भिक परियोजना रिपोर्ट 8.03 करोड़ रुपए, जिला शिमला में 62 मीटर लम्बे डबल लेन काॅम्पोजिट स्टील गर्डर पुल के निर्माण के लिए 8.37 करोड़ रुपए और जिला चम्बा में चम्बा साहू कीड़ी सड़क पर सरोठा नाला पर बनने वाले 40 मीटर लम्बे डबल लेन पुल के लिए 4.80 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़कों में फुटपाथ की चौड़ाई, सतह की मोटाई और ज्यामिती संबंधी विशेषताएं राष्ट्रीय राजमार्गों के समान होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन कार्यों का निष्पादन निर्धारित समयावधि में पूरा करेगी, ताकि लोग लाभान्वित हो सकें। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *